उज्जैन, 30 जून (हि.स.)। उज्जैन के भैरवगढ़ स्थित केन्द्रीय जेल में सजा काट रहे कैदी की बीती रात उपचार के दौरान मौत हो गई। जेल अधीक्षक द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना देकर पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज कराया है, साथ ही मृत्यु के संबंध में इंदौर जिला अदालत में न्यायिक जांच कराने का आवेदन दिया है। जेल अधीक्षक अलका सोनकर ने बुधवार को बताया कि भैरवगढ़ केन्द्रीय जेल में सजा काट रहे कैदी उज्जैन निवासी सलमान पुत्र भूरू खां बीमार हो गया, जिसके चलते उसे जेल के चिकित्सक के परामर्श पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान जिला अस्पताल के चिकित्सा विशेषज्ञों ने उसने इन्दौर के एमवाय अस्पताल रैफर कर दिया गया। बीमार कैदी सलमान को गत दिवस जेल गार्ड एवं जेल वाहन से उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया था, जहां 29-30 जून की मध्यरात्रि में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। जेल अधीक्षक ने बताया कि उक्त दण्डित कैदी सलमान पुत्र भूरू खान की मृत्यु की सूचना जिला दण्डाधिकारी इन्दौर, पुलिस अधीक्षक इन्दौर, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी इन्दौर, जेल मुख्यालय भोपाल, मानव अधिकार आयोग भोपाल, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग दिल्ली एवं मृतक के परिजनों को दी गई। मृत्यु के सम्बन्ध में एमव्हाय एच अस्पताल क्षेत्रान्तर्गत पुलिस चौकी संयोगितागंज इन्दौर में मर्ग कायम कराया गया और जिला एवं सत्र न्यायाधीश इन्दौर से बन्दी की मृत्यु के सम्बन्ध में न्यायिक जांच कराये जाने हेतु निवेदन किया गया। इन्क्वेस्ट एवं शव विच्छेदन के पश्चात शव बन्दी के परिजनों को सौंपा जायेगा। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश




