करीला धाम जा रहा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलटा, 12 से अधिक लोग घायल
अशोकनगर, 27 फरवरी (हि.स.)। जिले से करीला धाम प्रसाद चढ़ाने जा रहे लोगों से भरा पिकअप वाहन पलटने से उसमें बैठे करीब 12 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में बच्चें और महिलाओं की संख्या ज्यादा है। सभी घायलों को ईलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। करीला माता मंदिर में प्रत्येक पूर्णिमा को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसी के चलते आज भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रद्धा भाव से मां जानकी के दरबार में जा रहे थे। इस दौरान शिवपुरी के खनियाधाना क्षेत्र के अंतर्गत अचरोनी गांव से नई गाड़ी खरीदकर करीला धाम जाते समय थूवोन के पास पिकअप वाहन पलट गया। वाहन में 3 परिवार के बीस लोग अपने गांव अचरोनी से गाड़ी का प्रसाद चढ़ाने करीला मां जानकी मंदिर जा रहे थे। पिकअप वाहन पलटने से उसमें बैठे एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में सबसे अधिक संख्या बच्चों की है, पिकअप वाहन में करीब 20 से अधिक लोग बैठे हुए थे। कुछ बच्चों की हालत गंभीर है। पिकअप में अधिक सवारियां होने से वह अनियंत्रित होकर पलट गई। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय