omkareshwar-temple-opened-for-visitors-after-70-days
omkareshwar-temple-opened-for-visitors-after-70-days

70 दिनों बाद दर्शनार्थियों के लिए खुला ओमकारेश्वर मंदिर

ओंकारेश्वर, 15 जून (हि.स.)। तीर्थनगरी में मांधाता विधानसभा क्षेत्र के विधायक नारायण पटेल द्वारा लगभग मंगलवार को 11 बजे ओमकारेश्वर मंदिर में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना करने के साथ ही मंदिर बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों के लिए खोल दिया गया। मंदिर में दर्शन करने आने वाले यात्रियों के लिए यह आवश्यक होगा कि वह अपने वैक्सीन लगाने का प्रमाण पत्र साथ में लाएंगे तो ही उन्हें भगवान भोलेनाथ के दर्शन हो पाएंगे। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले 70 दिनों से ओंकारेश्वर मंदिर कोरोना महामारी के चलते दर्शनार्थियों के लिए बंद कर दिया गया था। खंडवा जिले में अब सामान्य स्थिति होने के साथ ओमकारेश्वर तीर्थ क्षेत्र में रहने वाले परिवारों की रोजी-रोटी के संकट के चलते क्षेत्रीय विधायक नारायण पटेल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान को पत्र लिखकर ओंकारेश्वर मंदिर खोले जाने की मांग की थी। उनके द्वारा उठाए गए इस कदम के बाद खंडवा जिला प्रशासन ने क्षेत्रीय विधायक से चर्चा करके तथा उनके द्वारा आज ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का पूजन अर्चन करने के पश्चात मंदिर सर्वसामान्य के लिए खोल दिया गया है। इस अवसर पर विधायक श्री पटेल के साथ, भाजपा जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष अंतर सिंह बारे, नगर भाजपा अध्यक्ष लीलाधर खंडेलवाल एवं भाजपा के अनेक पार्षद तथा कार्यकर्ता मौजूद थे। उन्होंने मंदिर के गर्भ गृह में सीमित लोगों के साथ जाकर भगवान भोलेनाथ का पूजन अर्चन किया तथा प्रदेश एवं देश में कोरोना महामारी के चलते जिनकी मृत्यु हो गई है उनकी आत्मा को शांति प्रदान करने के लिए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना भी की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के इंतजाम..... मंदिर के पट खुलने के साथ ही दर्शनों का सिलसिला शुरू हो गया है। कोरोनाकाल की गाईडलाईन का पालन करते हुए ज्योतिर्लिंग मन्दिर के गर्भगृह में पहुंच कर श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के मूल स्वरूप के दर्शन लाभ ले रहे हैं। तीर्थनगरी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालु नर्मदा स्नान कर रहे है। प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए मंदिर में मास्क और हाथों को सैनिटाजिंग सहित कोविड टिकाकरण पंजियन अनिवार्य किया गया है। मंदिर के प्रवेश द्वारों पर दर्शनार्थियों की थर्मल स्केनिंग की जा रही हैं। बुधवार से खुलेगा ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर.... बुधवार से ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर भी दर्शनार्थियों के लिए खुल जाएगा। दोनों मंदिरों के पिछले 2 माह से बंद होने के कारण स्थानीय रहवासियों की रोजी रोटी बहुत बुरी तरह प्रभावित हो गई थी। अब दोनों मंदिरों के खुलने के पश्चात धीरे-धीरे करके स्थानीय लोगों का रोजगार भी प्रारंभ हो जाएगा। साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को अब नर्मदा स्नान के साथ दोनों मुख्य मंदिरों का दर्शन का लाभ भी मिल सकेगा। ममलेश्वर मंदिर पूजारी दुलेसिंह सोलंकी ने भी मंदिर खोले जाने की जानकारी दी हैं। आगामी 20 जुलाई मंगलवार को देव प्रबोधिनी एकादशी के साथ ही तीर्थ नगरी में धार्मिक पर्वों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। 23 जुलाई शुक्रवार को गुरु पूर्णिमा पर्व के साथ ही श्रावण मास प्रारंभ हो जाएगा जो लगभग डेढ़ माह याने 6 सितंबर पोला अमावस तक चलेगा। इस बीच में आने वाले श्रावण सोमवार पर्व पर भारी संख्या में श्रद्धालु गण यहां नर्मदा स्नान एवं भोलेनाथ के दर्शन के साथ ओंकार पर्वत की परिक्रमा करने के लिए पहुंचेंगे। देखने वाली बात यह होगी कि उपरोक्त धार्मिक पर्व कालों के दौरान यात्रियों को यहां आने की पूरी तरह छूट रहेगी अथवा परिस्थिति के अनुसार इसमें बदलाव होगा, यह देखने वाली बात होगी। हिन्दुस्थान समाचार/परमानंद/राजू

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in