देश को महाशक्ति बनाने गांवों के विकास में जुट जायें पार्टी कार्यकर्ताः नरेंद्रसिंह तोमर
देश को महाशक्ति बनाने गांवों के विकास में जुट जायें पार्टी कार्यकर्ताः नरेंद्रसिंह तोमर

देश को महाशक्ति बनाने गांवों के विकास में जुट जायें पार्टी कार्यकर्ताः नरेंद्रसिंह तोमर

हरियाणा की वर्चुअल रैली में केंद्रीय मंत्री ने बताई मोदी सरकार की उपलब्धियां नई दिल्ली/भोपाल, 14 जून (हि.स.)। कोरोना संकट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी जी ने ‘लोकल के लिये वोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दो मंत्र दिये हैं। उनका मानना है कि देश को अगर मजबूत बनाना है, तो गांवों का विकास जरूरी है। गांवों की आत्मनिर्भरता ही भारत की आत्मनिर्भरता है। देश के गांव बड़ी ताकत हैं और उनका विकास प्रधानमंत्री मोदी जी का संकल्प है। इसलिए देश को महाशक्ति बनाने, उसे दुनिया की तीन बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल कराने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता प्राणप्रण से गांवों के विकास में जुट जाएं। यह आह्वान केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर ने रविवार को हरियाणा भाजपा की वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुंए किया। प्रधानमंत्री ने पूरे किये वादे तोमर ने कहा कि हरियाणा जवानों का देश है। देश अगर आज सुरक्षित है, तो वह इन जवानों की शहादत के दम पर ही है। 2014 से पहले जब मोदी जी प्रधानमंत्री नहीं थे, तब उनकी पहली रैली हरियाणा के रेवाड़ी में ही हुई थी। इस रैली में उन्होंने कहा था कि अगर भाजपा सत्ता में आई, तो हम सेना में वन रैंक, वन पेंशन की व्यवस्था लागू करेंगे। उन्होंने तीनों सेनाओं को मजबूत बनाने और उनके बीच बेहतर तालमेल के लिये चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की नियुक्ति की भी बात कही थी। इन दोनों ही वादों को प्रधानमंत्री मोदी जी ने अपने 6 सालों के कार्यकाल में पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व वाली हमारी केंद्र सरकार सेना को मजबूती देने के लिए जो काम कर रही है, उससे कई दूसरे देश परेशान होने लगे हैं। वोट बैंक नहीं, देश के लिये किया काम तोमर ने कहा कि धारा 370, 35 ए, नागरिकता संशोधन कानून, तीन तलाक, राम मंदिर आदि के जो मुद्दे हैं, ये भारतीय जनता पार्टी के लिए शुरू से ही राजनीति या वोट बैंक तैयार करने का विषय नहीं रहे। पार्टी ने राम मंदिर के लिए देश के करोड़ों लोगों से वादा किया था, भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपने दायित्व का निर्वाह किया और अब राम मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है। 1953 में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने धारा 370 के खिलाफ आंदोलन किया और अपना बलिदान दिया। तोमर ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के इस बलिदान ने सरकारों को कश्मीर की महत्ता बताई और कश्मीर आज अगर भारत का अंग है, तो डॉ. मुखर्जी के बलिदान के कारण ही है। भाजपा के लिए यह देश की एकता-अखंडता से जुड़ा मुद्दा था, इसलिए मोदी जी ने 2019 में सरकार बनने के तुरंत बाद 370 और 35 ए को हटा दिया। तीन तलाक के कारण देश की लाखों मुस्लिम बहनों पर अत्याचार हो रहा था, इसलिए मोदी सरकार ने तीन तलाक विरोधी कानून बनाया। नागरिकता संशोधन कानून बनाकर मोदी सरकार ने उन लाखों हिंदू, सिख, बौद्ध, ईसाई और पारसियों को भारत की नागरिकता मिलने का रास्ता साफ कर दिया, जो पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से प्रताड़ित होकर आए थे। कृषि और किसानों की समृद्धि पहली प्राथमिकता केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि कृषि और किसानों की समृद्धि मोदी सरकार के लिए पहली प्राथमिकता रही है। इसके लिए सरकार ने अपने पिछले कार्यकाल में भी कई योजनाएं लागू कीं और काम भी किए हैं। कोरोना संकट के दौरान भी सरकार को बराबर किसानों की चिंता रही है। प्रतिबंधों के बावजूद सरकार ने रबी की फसल की खरीदी के इंतजाम किए। मुसीबतों के बावजूद बंपर उत्पादन हुआ और पिछले साल से ज्यादा खरीदी इस साल की गई। देश में गर्मी की फसलों की बोवनी भी पिछले साल से 45 फीसदी ज्यादा रकबे में हुई है। हाल ही में प्रधानमंत्री जी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत 20 लाख करोड़ का जो पैकेज दिया है, उसमें कृषि और उससे जुड़े व्यवसायों के लिए बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे-hindusthansamachar.in

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in