मप्रः राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान एवं दस्तक अभियान स्थगित
भोपाल, 11 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश के सभी जिलों में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 17 से 19 जनवरी तक एवं दस्तक अभियान आज यानी 11 जनवरी से आगामी 13 फरवरी तक संचालित होना था, लेकिन इन दोनों अभियानों को स्थगित कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आईएस ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर दोनों अभियान स्थगित किये गये हैं। इन्हें बाद में संचालित किया जाएगा। बता दें कि प्रदेश के सभी में 17 से 19 जनवरी तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को “दो बूंद जिदंगी की” यानि पल्स पोलियो की खुराक दी जानी थी। वहीं, नवजात बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के लिए 11 जनवरी से 13 फरवरी तक दस्तक अभियान संचालित किया जाना था, लेकिन राज्य शासन के निर्देश पर इन दोनों अभियानों को स्थगित कर दिया गया है। दरअसल, प्रदेशभर में इन दिनों स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारियों में जुटे हैं। जानकारी मिली है कि मंगलवार तक जिलों में कोरोना की वैक्सीन पहुंचने की संभावना है। इसी वजह से पल्स पोलियो और दस्तक अभियान स्थगित किये गये हैं। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश-hindusthansamachar.in