MP Election:'INDIA' गठबंधन दलों की एकता पर लगा ग्रहण! विस चुनाव में सपा ने उतारे 22 उम्मीदवार, दूसरी सूची जारी

MP Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के इस दूसरी सूची के बाद एक बात स्पष्ट हो गई है कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी अपना भाग्य आजमाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Akhilesh yadav vs Rahul gandhi
Akhilesh yadav vs Rahul gandhiRaftaar

भोपाल, (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति से बुधवार देर शाम जारी इस सूची में 22 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। सपा ने निवाड़ी जिले की दो सीटों पर मां-बेटी को टिकट दिया है। अब सपा के इस दूसरी सूची के बाद एक बात स्पष्ट हो गई है कि मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी अपना भाग्य आजमाने के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि सपा 2024 में बीजेपी के विरोध में बने आईएनडीआईए गठबंधन का महत्वपूर्ण घटक दल है। लेकिन इस प्रकार चुनाव में उम्मीदवारों के नाम घोषित करने के बाद गठबंधन में दरार के आसार दिखाई दे रहें है। इन सभी विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के भी उम्मीदवार खड़े हैं।

सपा ने पहली सूची में किए नौ उम्मीदवार घोषित

इससे पहले सपा पहली सूची में नौ उम्मीदवार घोषित कर चुकी है, जिसमें निवाड़ी से सपा की पूर्व विधायक मीरा यादव को उम्मीदवार घोषित किया जा चुका है। वहीं, बुधवार को जारी सूची में मीरा यादव की बेटी शिवांगी यादव को पृथ्वीपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। इस सूची में भोपाल जिले की तीन विधानसभा सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। इनमें नरेला विधानसभा सीट से शमसुल हसन, भोपाल मध्य से शमा तनवीर और हुजूर सीट से राहुल मारण (रावत) को टिकट दिया गया है।

सपा की दुसरी सूची में 22 उम्मीदवारों के नाम घोषित

इसके अलावा मुरैना जिले की सबलगढ़ सीट पर लाल सिंह राठौर, जौरा सीट पर रीना कुशवाहा, सुमावली सीट पर मंजू सोलंकी, दिमनी सीट पर रामनारायण सकवार को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, टीकमगढ़ जिले की जतारा सीट पर आरआर बंसल, निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर सीट पर शिवांगी सिंह यादव, दमोह जिले के जबेरा सीट पर लखन लाल यादव, पन्ना जिले की गुन्नौर सीट पर जीतेंद्र कुमार दहायत को टिकट दिया गया है।

इनको मिला टिकट

इसी तरह सतना जिले की मैहर सीट पर चंद्रप्रकाश पटेल, नागौद सीट पर रामशरण कुशवाह, रीवा जिले की त्योंथर सीट पर त्रिनेत्र शुक्ला, देवतालाब सीट पर रामयज्ञ सेंधिया, गुढ सीट पर अमरेश पटेल, सिंगरौली जिले की सिंगरौल सीट पर ओमप्रकाश सिंह, कटनी जिले की बड़वारा सीट पर कुंती कौल, छिंदवाड़ा जिले की चौराई सीट पर विपिन वर्मा, शाजापुर जिले की शुजालपुर सीट पर बाबूलाल मालवीय और रतलाम जिले की रतला शहर सीट पर अफरीन बी को प्रत्याशी बनाया है।

17 नवंबर को होगा मतदान

इससे पहले पार्टी ने मध्य प्रदेश नौ विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इनमें निवारी और छतरपुर की दो सीटें तथा दतिया और सीधी जिले की दो सीटें भी शामिल हैं। गौरतलब है कि मप्र विधानसभा की 230 सीटों के लिये आगामी 17 नवंबर को मतदान होगा। इसके लिए 21 अक्टूबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो रही है।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.