mp-5704-new-cases-found-in-four-big-cities-good-signs-from-gwalior-jabalpur
mp-5704-new-cases-found-in-four-big-cities-good-signs-from-gwalior-jabalpur

म.प्र.: चार बड़े शहरों में मिले 5704 नए केस, ग्वालियर-जबलपुर से अच्छे संकेत

भोपाल, 25 अप्रैल (हि.स.)। कोरोना संक्रमण की रफ्तार अभी भी तेज बनी हुई है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के 4 बड़े शहरों में ही 5704 नए केस सामने आए हैं। लेकिन इसी बीच ग्वालियर और जबलपुर से कुछ अच्छे संकेत मिले हैं। ग्वालियर में पहली बार 1000 से ज्यादा मरीज डिस्चार्ज हुए, तो जबलपुर में स्वस्थ होने वालों की संख्या नए संक्रमितों से ज्यादा हो गई है। प्रदेश के 4 बड़े शहरों इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और भोपाल में बीते 24 घंटे में 5,704 नए केस आए हैं, जबकि 31 मौतें हुई हैं। इस दौरान इंदौर में सबसे ज्यादा 1,826 नए संक्रमित सामने आए और 7 लोगों ने जान गंवाई। सरकारी रिकॉर्ड में सबसे ज्यादा 12 मौतें ग्वालियर में दर्ज की गई हैं। यहां 1,220 नए संक्रमित मिले हैं। भोपाल में 1,802 नए मामले सामने आए हैं और 5 मौतें हुई हैं। जबलपुर में 856 नए संक्रमित मिले हैं जबकि 7 मरीजों ने दम तोड़ दिया। ग्वालियर: पहली बार 1000 से ज्यादा मरीजों को दी छुट्टी- ग्वालियर में सरकारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 12 मौतें हुईं हैं, लेकिन 24 घंटे में 53 संक्रमित शवों का अंतिम संस्कार किया गया है। इनमें से 38 ग्वालियर और 15 अन्य जिलों के हैं। इनमें से अकेले लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम में ही 41 कोरोना संक्रमित शवों का अंतिम संस्कार हुआ है। राहत की बात यह रही है कि 1,053 लोग ठीक भी हुए हैं। पहली बार ऐसा हुआ है जब एक हजार से ज्यादा संक्रमित एक दिन में डिस्चार्ज किए गए हैं। ग्वालियर में अब एक्टिव केस 9,042 हो गए हैं। जबलपुर: 42 दिन में पहली बार नए संक्रमितों से ज्यादा मरीज ठीक हुए- जबलपुर में 42 दिन बाद पहली बार ऐसा हुआ, जब नए संक्रमितों से ज्यादा लोग रिकवर हुए। शनिवार को 820 नए संक्रमित सामने आए थे। 856 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसका असर ये हुआ कि रिकवरी रेट में भी पहली बार मामूली सुधार हुआ है। रिकवरी रेट 24 अप्रैल को बढ़कर 80 प्रतिशत पर पहुंच गया। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in