उत्तरी सर्द हवाओं के असर से 4.5 डिग्री लुढ़का पारा
ग्वालियर, 11 जनवरी (हि.स.)। मौसम साफ होने के साथ ही उत्तर से ठंड हवाएं आना शुरू हो गई हैं, जिसके चलते पिछले 24 घंटे में रात के तापमान में 4.5 तो दिन के तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में रात के तापमान में और गिरावट आएगी। पिछले दो दिनों से मौसम पूरी तरह साफ है और तेज धूप निकल रही है, लेकिन उत्तरी ठंडी हवाएं चलने से ठंड बढ़ गई है। सोमवार को छह से आठ किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तरी ठंडी हवाएं चलीं, जिससे दिन भर सिहरन बनी रही। शाम होते ही ठंड का प्रकोप और बढ़ गया। स्थानीय मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हाल ही में कश्मीर सहित उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है और वहां से बर्फ से टकराकर ठंडी हवाएं ग्वालियर-चम्बल की ओर आ रही हैं। हवाओं में नमी भी नहीं है। इसी कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अभी रात के तापमान में और गिरावट की संभावना है। मंगलवार को रात का तापमान पांच से छह डिग्री के आसपास ठहर सकता है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में सोमवार को अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 4.5 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 78 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से तीन प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 48 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से एक प्रतिशत कम है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद-hindusthansamachar.in