इंदौर, 28 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में कोरोना का कहर जारी है। यहां 15 फरवरी के बाद से कोरोना के नये मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। इंदौर में बीते 24 घंटों में कोरोना के 603 नये मामले सामने आए हैं, जबकि दो लोगों की मौत हुई है। इसके बाद यहां संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढक़र 67 हजार 791 और मृतकों की संख्या 955 हो गई है। इंदौर की प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूनम गाड़रिया ने रविवार को बताया कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज द्वारा शनिवार देर रात 3903 सेम्पलों की जांच रिपोर्ट जारी की गई। इनमें 603 व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए, जबकि शेष लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। इन नये मामलों के साथ जिले में अब संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 67 हजार 791 हो गई है। वहीं, इंदौर में बीते 24 घंटों में कोरोना से दो मरीजों की मौत की पुष्टि हुई है। अब यहां मृतकों की संख्या 955 हो गई है। हालांकि, यहां बीते 24 घंटे में 312 मरीज स्वस्थ हुए हैं। यहां अब तक 63 हजार 713 मरीज कोरोना को मात देकर अपने घर पहुंच गए हैं, लेकिन नये मामले अधिक संख्या में मिलने से यहां सक्रिय मरीज 2834 से बढक़र 2123 हो गए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों और घरेलू एकांतवास में उपचार जारी है। बता दें कि इंदौर में फरवरी के शुरुआत में नये मामलों की संख्या 50 से नीचे पहुंच गई थी, लेकिन इसके बाद यह संख्या लगातार बढ़ते हुए अब 600 के पार पहुंच गई है। इससे पहले यहां शुक्रवार को रिकॉर्ड 612 और शनिवार को एक दिन में सर्वाधिक 619 नये संक्रमित मिले थे। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश




