lucky-to-have-the-privilege-of-walking-on-dandi-marg-union-minister-prahlada-patel
lucky-to-have-the-privilege-of-walking-on-dandi-marg-union-minister-prahlada-patel

भाग्यशाली हैं कि उन्हें दांडी मार्ग पर चलने का सौभाग्य मिला : केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल

दमोह, 15 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल ने तीसरे दिन की पदयात्रा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, खेड़ा सांसद देवू सिंह चौहान और सैंकड़ों पदयात्रियों के साथ सोमवार को सुबह आठ बजे शुरू की। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह केंद्रीय मंत्री पटेल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, सांसद देवू सिंह चौहान और पदयात्रियों का स्वागत-सत्कार किया। पदयात्रा के रूट पर स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पानी, जूस आदि के स्टॉल्स लगा रखे थे, जो पदयात्रियों को दोपहरी में खासी राहत पहुंचा रहे थे। गोविन्द पुरा के ऐतिहासिक प्राथमिक विद्यालय में जहां गांधी जी ने रात्रि विश्राम किया था, उसमें ग्राम पंचायत ने केंद्रीय मंत्री पटेल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, सांसद देवू सिंह चौहान व सभी पदयात्रियों का स्वागत किया। प्रहलाद पटेल, गिरिराज सिंह व सांसद श्री देवू सिंह ने गांधी जी प्रतिमा को सूत की माला पहनाकर नमन किया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने संबोधन शुरू करने से पहले वहां मौज़ूद सभी लोगों से अपने सहयोगी पदयात्रियों का स्वागत करने का आग्रह किया और उनके स्वागत में तालियाँ बजवाई। उन्होंने कहा कि वे भाग्यशाली हैं कि उन्हें दांडी मार्ग पर चलने का सौभाग्य मिला। उन्होंने बताया कि 91 साल पहले गांधी जी यहाँ से गुजरे थे, उन्होंने अंग्रेजों से स्वाधीनता की, स्वाबलंबन की लड़ाई लड़ी थी। हमारे प्रधानमंत्री जी का भी यही सपना है कि हम स्वाबलंबी, आत्मनिर्भर बने। हम सबको अपने जीवन में गांधी जी से प्रेरित होकर संकल्प लेना चाहिए, तभी हम अपने सपनों का देश बना सकेंगे।। यहां पर स्कूल के छात्रों ने सर्वधर्म पर आधारित एक नाट्य मंचन व कुछ गीतों की प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर मंत्री पटेल भाव विभोर हो गए और कहा कि इतनी खूबसूरत प्रस्तुति शायद किसी ने देखी नहीं होगी। ये प्रस्तुति बड़ा संदेश देती है जिसे जीवन में आत्मसात करने की ज़रूरत है। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी ने गोविंदपुरा के प्राथमिक स्कूल में ही भोजन किया। वासणा बुजर्ग में हज़ारों की संख्या में लोगों ने पदयात्रियों का स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री पटेल इतनी बड़ी संख्या में लोगों को देखकर कहा कि जिस तरह पूरा गाँव यहां पदयात्रियों का स्वागत करने के लिए इकठ्ठा हुआ है उसके लिए मैं आप सबका बहुत आभारी हूँ। उन्होंने वासणा बुजर्ग की धरती को नमन करते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों व पंचायत सदस्यों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 2022 में आजादी के 75 वर्ष पूरे होंगे, उससे 75 हफ्ते पहले ये उत्सव देशभर में 75 स्थानों पर शुरू हुआ हैं, जो हर हफ्ते मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ व्यवस्थापक होगी, लोग मिलकर आगे आएं और इस महोत्सव को भव्य बनाएं। पटेल ने कहा कि आजादी तभी पूरी होगी जब हम अपने बच्चों को संस्कार देंगे, अपनी संस्कृति से जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि आज मोदी जी के नेतृत्व में हम 150 देशों को कोरोना वैक्सीन दे चुके हैं। इतने कठिन समय में भी हमने अपनी संस्कृति का निर्वाह किया है यही हमारी संस्कृति की पहचान है महानता है। पदयात्रा के रास्ते में स्थित ब्रह्मकुमारी आश्रम में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल व अन्य का चंदन का तिलक लगाक, गुलदस्ते व शॉल के साथ उनका स्वागत किया गया। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in