नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क। उज्जैन के तराना में सोहेल ठाकुर पर हुए हमले के बाद माहौल हिंसक हो गया, उपद्रवियों ने घरों पर पथराव किया और एक बस को आग के हवाले कर दिया।हालात काबू में करने के लिए 300 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात किए गए हैं, ड्रोन से निगरानी जारी है और 5 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस-प्रशासन ने पूरे कस्बे को छावनी में तब्दील कर दिया है
उज्जैन जिले के तराना कस्बे में हालात एक बार फिर बेकाबू हो गए। गुरुवार शाम दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। उपद्रवियों ने कई घरों पर पथराव किया और एक बस को आग के हवाले कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने पूरे कस्बे को छावनी में तब्दील कर दिया है।
सोहेल ठाकुर पर हमले के बाद बिगड़ा माहौल
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम तराना में कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान सोहेल ठाकुर नामक युवक पर प्राणघातक हमला किया गया। इस घटना के विरोध में शुक्रवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते उपद्रवियों ने हिंसक रूप अपना लिया।
घरों पर पथराव, बस में लगाई आग
शुक्रवार को कुछ अज्ञात शरारती तत्व मोहल्लों में घुस गए और कई घरों पर जमकर पत्थरबाजी की, जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए। इसके बाद भीड़ ने उग्र होकर एक बस में आग लगा दी, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
300 से ज्यादा जवान तैनात, ड्रोन से निगरानी
स्थिति को काबू में करने के लिए उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा खुद मौके पर पहुंचे और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने सोहेल ठाकुर की शिकायत पर 6 लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है, जिनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी की तलाश अभी जारी है। प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तराना में 300 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की है। इसके साथ ही ड्रोन कैमरे और CCTV फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
अस्पताल में भर्ती सोहेल, हालत स्थिर
हमले में घायल सोहेल ठाकुर का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।फिलहाल प्रशासन ने साफ किया है कि क्षेत्र में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।





