भोपाल, 21 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने शुक्रवार को वर्चुअली प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य में कोरोना की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार पर कई आरोप लगाए हैं। कमलनाथ ने दावा किया है कि कोरोना से हो रही मौतों के आंकड़े शिवराज सरकार छिपा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मार्च-अप्रैल में श्मशान और कब्रिस्तानों में 1 लाख 27 हजार 530 शवों में से 1 लाख 2 हजार 2 शवों का कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया गया। सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि कोविड से प्रदेश में कितनी मौतें हुई हैं। कमलनाथ के मुताबिक दुनिया को देश में कोरोना के गलत आंकड़े दिखाया जा रहा हैं। सरकारी आंकड़ों और श्मशान के आंकड़ों में काफी अंतर है। पूर्व सीएम का दावा है कि प्रदेश में कोरोना से 1 लाख से ज्यादा मौत हुई हैं। कमलनाथ ने बताया कि छिंदवाड़ा के एक गांव नूरा का उन्होंने दौरा किया था, जहां 10 दिन में 15 लोगों की मौत कोरोना से हुई। इसके बाद जब कलेक्ट्रेट में बैठक में इसकी जानकारी ली तो बताया गया कि नूरा गांव में सिर्फ 2 मौतें हुई हैं। ब्लैक और वाइट फंगस को भी बड़ी चुनौती बताया पू्र्व सीएम ने कोरोना के साथ ब्लैक और वाइट फंगस को भी बड़ी चुनौती बताया है। कमलनाथ ने खेद जताया है कि आयुष्मान योजना में ब्लैक फंगस को शामिल नहीं किया गया है। कमलनाथ ने कहा कि केंद्र सरकार 3 दिन पहले राज्य सरकारों से ब्लैक फंगस को महामारी घोषित करने के निर्देश दे चुकी है, लेकिन मध्यप्रदेश सरकार ने 600 से ज्यादा केस मिलने के बाद भी नोटिफिकेशन जारी नहीं किया, जबकि तामिलनाडु सहित 5 राज्य इस बीमारी को महामारी घोषित कर चुके हैं। वैक्सीनशन पर कसा तंज वैक्सीनेशन को लेकर भी कमलनाथ ने केंद्र सरकार पर तंज कसा है। उनके मुताबिक 6 करोड़ 60 लाख दूसरे देशों में वैक्सीन भेजी गई। चुनावों को प्रभावित करने के लिए 18+ को वैक्सीन लगाने का ऐलान किया, जबकि वैक्सीन का ऑर्डर घोषणा के बाद दिया गया। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय




