जबलपुर: कोरोना से संघ पदाधिकारी का निधन
जबलपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में बीती रात कोरोना से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महाकौशल प्रांत के एक पदाधिकारी की मौत हो गई। बताया गया है कि गत दिनों उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। जानकारी के मुताबिक, जबलपुर स्थित संघ कार्यालय केशव कुटी में सभी स्टाफ और पदाधिकारियों ने कोरोना जांच के लिए सेम्पल दिये थे। इनमें सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। संघ पदाधिकारी और भाजपा नेता योगेन्द्र सिंह (योगी जी) भी कोरोना संक्रमित पाये गये थे। इसके बाद उन्हें जबलपुर के सिटी अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां उनका उपचार जारी रहा। विगत कुछ दिनों से उनकी तबियत लगातार बिगड़ती जा रही थी। इसके बाद शनिवार की रात उन्हें ज्यादा तबियत खराब होने पर जबलपुर से भोपाल रैफर किया गया था, लेकिन भोपाल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया। उनके निधन से संघ परिवार में शौक का माहौल है। भाजपा नेता दीपंकर बैनर्जी ने बताया कि उनकी मौत हो जाने के बाद शव को वापस जबलपुर ले आया गया है और उनका अन्तिम संस्कार जबलपुर में कोरोना प्रोटोकाल के तहत रविवार को ही जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय योगेंद्र सिंह ने अपना जीवन समाज सेवा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा को आगे बढ़ाने में समर्पित किया। संघ कार्यकर्ताओं सहित भाजपा के कई बड़े नेताओं ने स्वर्गीय योगी जी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश /राजू-hindusthansamachar.in