जबलपुर,02,मई(हि.स.)| शहपुरा थानान्तर्गत नगर परिषद के सामने एक घर में गाय घुसने को लेकर टकराव हो गया, जिसमें दोनों ही पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर लाठियों सहित धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों पक्षों के नौ लोगों को गंभीर चोटें आई है,जिन्हे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव व्याप्त है, पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है | थाना प्रभारी शहपुरा सी.एम.शुक्ला ने बताया कि नगर परिषद शहपुरा के सामने निवासी सतेन्द्र जैन की गाय दस दिन पहले बाबू सिंह के घर में घुस गई थी, जिसपर सतेन्द्र व बाबू सिंह के बीच विवाद हो गया था, लेकिन दोनों ही पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था, लेकिन दोनों ही पक्षों के बीच विवाद को लेकर तनाव रहा | बीती रात सतेन्द्र जैन के परिजन सतीष अपने घर के सामने बैठकर मोबाइल फोन देख रहे थी, इस दौरान बाबू सिंह राजपूत, प्रिंस राजपूत, अस्सू राजपूत एवं आदर्श राजपूत आए और गाली गलौज करने लगे, सतीष व उनकी पत्नी सुनीता ने गाली बकने से मना किया तो सभी ने लाठी,डंडा व धारदार हथियार से सतीष व उनकी पत्नी सुनीता पर जानलेवा हमला कर दिया, हमले में दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आई है | घायल दम्पति थाना रिपोर्ट करने के लिए घर से निकले, इस बीच हमलावरों ने घर में घुसकर सचिन व संस्कार जैन पर भी हमला कर दिया, घर के बाहर खड़ी मोटर साइकल, कार में भी तोडफ़ोड़ कर दी | वहीं बाबूसिंह ने थाना पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी कि हर्ष उर्फ अस्सू राजपूत मोटर साइकल से बाजार होते हुए घर आ रहा था, इस दौरान सुरेन्द्र उर्फ मोदी ब्रदर्स, सागर, तनु, पप्पू जैन ने हर्ष को रोककर हमला कर दिया, बाबूसिंह ने समझाने की कोशिश की तो उसपर भी वार किए | कुछ देर बाद संस्कार, सतीष, विवेक सिंघई, कवि जैन, सालू, सविता, सचिन, सल्ली भी एकत्र हो गए, जिन्होने निशांत राजपूत, विवेक व आदर्श, पत्नी विनीता, बेटी पलक, भतीजे अम्बर राजपूत के साथ मारपीट कर हमला कर दिया, पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर दोनों पक्षों के खिलाफ धारा-452, 323, 324, 506, 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है | हिन्दुस्थान समाचार /ददन





