ग्वालियर: दोपहर में घुमड़े बादल, दो मिली मीटर हुई बारिश

gwalior-cloudy-in-the-afternoon-two-millimeters-of-rain
gwalior-cloudy-in-the-afternoon-two-millimeters-of-rain

ग्वालियर, 12 मई (हि.स.)। पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में परिवर्तन के चलते बुधवार को भी बारिश का क्रम जारी रहा। बुधवार सुबह से दोपहर तक मौसम शुष्क रहा, लेकिन दोपहर बाद आंशिक बादल घुमडऩे लगे। अपरान्ह करीब तीन बजे से पूरा आसमान बादलों से ढंक गया और अपरान्ह करीब साढ़े तीन बजे से बारिश शुरू हो गई। लगभग 10 मिनट तक तेज बारिश हुई। इस दौरान शहर में 2.0 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद बादल बिखर गए, लेकिन शाम को आसमान में फिर से घने बादल छा गए जो रात तक भी बने हुए हैं। स्थानीय मौसम वैज्ञानिक के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ एवं अन्य सहायक वेदर सिस्टमों का प्रभाव अगले 24 घंट तक बना रहने की संभावना है। इस दौरान भी ग्वालियर-चम्बल अंचल में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जबकि 14 मई से मौसम शुष्क हो जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी 16 मई के आसपास दक्षिण पूर्व अरब सागर में एक चक्रवाती तूफान सक्रिय होगा, जिसका प्रभाव 19 मई से ग्वालियर-चम्बल संभाग में भी नजर आएगा। इसके चलते तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज हवाएं उत्तर पूर्वी चलीं, जिनकी गति लगभग आठ किलोमीटर प्रति घंटा थी। आज सुबह हवा में नमी 39 प्रतिशत दर्ज की गई, जो औसत से चार प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 58 प्रतिशत दर्ज की गई। यह औसत से 38 प्रतिशत अधिक है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in