former-bjp-state-president-vijesh-lunavat-dies-of-heart-attack-cm-shivraj-expresses-sorrow
former-bjp-state-president-vijesh-lunavat-dies-of-heart-attack-cm-shivraj-expresses-sorrow

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेश लूनावत का हार्ट अटैक से निधन, सीएम शिवराज ने जताया दुख

भोपाल, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लूनावत का हार्ट अटैक से बुधवार को निधन हो गया। वे कोरोना संक्रमित भी थे और भोपाल के एक निजी अस्पताल में उनका ईलाज चल रहा था। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने सोशल मीडिया पर दी। उनके निधन का समाचार मिलते ही पार्टी में शोक की लहर दौड़ पड़ी। उनके निधन पर मप्र के सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत भाजपा नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता विजेश लुनावत चुनाव प्रबंधन में माहिर माने जाते थे। शिवराज सरकार के पिछले कार्यकाल के दौरान लुणावत ने सत्ता और संगठन में तालमेल बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन वे पिछले समय से बीमार चल रहे थे। सीएम शिवराज ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और हम सभी के प्रिय साथी श्री विजेश लूनावत जी के निधन की सूचना से स्तब्ध और दु:खी हूँ। यह मध्यप्रदेश भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूँ। मेरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और इस कठिन घड़ी में उनके परिजनों को संबल प्रदान करें। सीएम शिवराज ने एक अन्य ट्वीट कर कहा ‘हमारे साथी श्री विजेश लूनावत जी एक समर्पित जनसेवक थे। असमर्थों के जीवन में मुस्कान लाने और प्रदेश की प्रगति के लिए जीवन की अंतिम सांस तक कार्य करते रहे। अपने कार्य के प्रति उनमें असीम समर्पण और निष्ठा थी। आज हमने अपने एक सच्चे साथी को खो दिया। विनम्र श्रद्धांजलि! साथी विजेश लूनावत जी एक कुशल संगठक, प्रभावी संप्रेषक और चुनावी प्रबंधन के महारथी थे। वे अत्यंत निपुण रणनीतिकार थे। मप्र भाजपा को मज़बूती प्रदान करने में उनका अहम योगदान था। उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा। विजेश जी, हो सके तो लौट कर ज़रूर आना। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in