मप्र में 21 जून को सात हजार केन्द्रों पर चलेगा कोरोना वैक्सीनेशन का महाअभियान

corona-vaccination-campaign-will-run-at-seven-thousand-centers-in-mp-on-june-21
corona-vaccination-campaign-will-run-at-seven-thousand-centers-in-mp-on-june-21

भोपाल, 17 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को कोरोना के टीकाकरण के संबंध में जिला, विकासखंड तथा ग्राम स्तरीय क्राइसिस मैनेजमेंट समूहों को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब देश के सभी नागरिकों को फ्री वैक्सीन भारत सरकार लगवायेगी। 21 जून से ये अभियान प्रारंभ हो रहा है। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है। योग शरीर को निरोग रखता है। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। बड़े कार्यक्रम नहीं होंगे लेकिन सीमित संख्या में योग कर सकते हैं। 21 जून को मप्र में कोरोना का यह महाअभियान सात हजार वैक्सीनेशन सेंटरों पर चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने घोषणा की है कि 21 जून से 18 साल से ऊपर के लोगों को भारत सरकार की तरफ से वैक्सीन लगाई जायेगी। हम उसे एक अभियान का रूप देना चाहते हैं। ये इसिलये कि हम अपने प्रदेश के बहनों भाइयों को सुरक्षित रखना चाहते हैं। उनको सुरक्षा चक्र देना हमारी जवाबदारी है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सारे वैज्ञानिकों ने जांची परखी उस पर वैक्सीन खरी उतरी है। इसलिये वैक्सीनेशन का काम बहुत महत्वपूर्ण है। मैं प्रधानमंत्री जी को हृदय से धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने वैक्सीनेशन का संपूर्ण काम अपने हाथ में ले लिया। उन्होंने कहा कि 7000 वैक्सीनेशन के सेंटर बनायेंगे पूरे प्रदेश में। सभी जिलों की सूची भेज दी जायेगी। आपके जिलों में जितने जगह भी वैक्सीनेशन का काम होगा उसके सेंटर तय हो जायेंगे। इसके अलावा हमें 7000 वैक्सीन के प्रेरक चाहिये जो लोगों को वैक्सीन के लिये प्रेरित करें। वैक्सीनेशन का अभियान क्राइसिस मैनेजमेंट कमिटी को चलाना है। आपको ये जिम्मा सौंप रहा हूं। जिला, ब्लॉक, मंडल, वार्ड की और गांवों की क्राइसिस मैंनेजमेंट कमिटी को ये अभियान चलाना है। 21 जून को सुबह 10 बजे से ये अभियान प्रारंभ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का मध्यप्रदेश की जनता की ओर से हार्दिक अभिनंदन करता हूँ। मुझे विश्वास है कि हम उनके नेतृत्व में न सिर्फ कोविड-19 पर विजय पाएंगे, बल्कि वैक्सीनेशन के कार्य को भी कुशलतापूर्वक पूर्ण करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन में भारत में विश्व का कोविड-19 का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान जारी है। अब तक 26.5 करोड़ डोज़ एडमिनिस्टर किये जा चुके हैं। सभी आयुवर्ग के नागरिकों का वैक्सीनेशन अब केंद्र सरकार करेगी जिससे यह कार्य बेहतर तरीके से हो पायेगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को जब प्रारंभ करें तो एक संकल्प लोगों को दिला सकते हैं, " वैक्सीन ही सुरक्षा है, मैं वैक्सीन लगवा रहा हूं और संकल्प लेता हूं कि अन्य लोगों को भी वैक्सीन लगवाने के लिये प्रेरित करूंगा।" एक गीत भी फाइनल कर रहे हैं जो वैक्सीनेशन के लिये प्रेरणा देगा। ये साधारण काम नहीं है। ये तीसरी लहर से लोगों को बचाने का काम है। मेरे लिये तो ये सर्वोच्च प्राथमिकता है। तीसर लहर को हर कीमत पर रोकना है। मेरा स्थान जहां तय होगा मैं भी जाऊंगा प्रेरक के रुप में। मैं भी सोच रहा हूं कि मैं 2-3 किमी साइकिल से चला जाऊंगा। इससे एक वातावरण बनेगा अभियान के पक्ष में। सोशल मीडिया के माध्यम से इसके लिये प्रचार करें। अपनी आवाज रिकॉर्ड कर के वॉयस मेसेज भेजें। "वैक्सीन ही सुरक्षा है, कृपया वैक्सीन लगवायें और दूसरों को भी प्रेरित करें।" 20-25 सेकेंड का मेसेज भेजें। घर घर संपर्क करें, अभिनव तरीके खोजें प्रचार के लिये। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/राजू

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in