
नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। मध्य प्रदेश में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल चुनाव को लेकर अपनी तत्परता दिखा रहें है। एक तरफ जहां भाजपा नें मध्य प्रदेश में अपना चुनावी बिगुल फूक दिया है। तो वहीं अब कांग्रेस ने भी अपनी राजनीतिक बिसात बिछनी शुरू कर दी है। प्रदेश के दोनों प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस बुंदेलखंड में दलित वोट बैंक को साधने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। गत 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सागर में संत रविदास मंदिर का भूमि पूजन कर विशाल जनसभा को संबोधित किया था। तो अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी सागर आ रहे हैं। वे यहां आज (मंगलवार को) एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी मौजूद रहेंगे।
खड़गे सागर में जनसभा को करेंगे संबोधित
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि अभा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सुबह 10.45 बजे वायुयान से भोपाल के राजाभोज विमानतल पहुचेंगे। यहां से 11 बजे दोनों नेता हेलिकॉप्टर से सागर के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12 बजे कजलीवन मैदान पहुंचकर बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोनों नेता 1.30 बजे सागर से रवाना होगर 2.15 बजे भोपाल पहुंचेंगे। कांग्रेस के मध्यप्रदेश मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पहली बार सागर आ रहे हैं। वे यहां से मध्यप्रदेश में सत्ता परिवर्तन का शंखनाद करेंगे। विधानसभा चुनाव का शंखनाद करने के लिए उन्होंने बुंदेलखंड के सागर को चुना है।
SC/ST वोटरो को साधने का प्रयास
दरअसल, विधानसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दलों का फोकस अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के वोटरों को साधने पर है। प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग की 35 सीटें है। वहीं, करीब 20 सीटों पर इस वर्ग के मतदाताओं का सीधा प्रभाव है। 600 साल पहले सागर के कर्रापुर संत रविदास आए थे। उस जगह पर आश्रम बना है। यहां बड़ी संख्या में संत रविदास के अनुयायी है। यहां से राजनीतिक दल पूरे प्रदेश के दलित वर्ग को साध रहे हैं। चुकी खड़गे खुद अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं। ऐसे में कांग्रेस खड़गे को आगे कर अनुसूचित जाति वर्ग के वोटरो को साधने का प्रयास कर रही है। आपको बता दें इससे पहले खड़गे की 13 अगस्त को सागर में सभा थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के 12 अगस्त के सागर दौरे के चलते उनका कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था।