मुख्यमंत्री शिवराज ने मकर संक्रांति पर्व पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
भोपाल, 14 जनवरी (हि.स.)। देश भर में आज गुरुवार को मकर संक्रांति पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। पौष मास में सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने पर मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाता है। हिंदू धर्म में मकर संक्राति का बहुत महत्व है। इस दिन जप, तप, स्नान और दान करने से विशेष लाभ मिलता है। मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत भाजपा नेताओं ने प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए खुशहाली की कामना की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा ‘उत्सव है, उल्लास है। खुशियों का उजास है। तिल-गुड़ खाओ, पतंग उड़ाओ, यह त्योहार बड़ा खास है। खुशियां बांटो, आनंद बांटो, हर हृदय में इसका वास है। हाथ बढ़ाओ, प्यार लुटाओ, आज मकर संक्रांति का त्योहार है। आप सबको #MakarSankranti की आत्मीय बधाई, शुभकामनाएं! एक अन्य ट्वीट कर उन्होंने पोंगल और भोगाली बिहू पर्व की भी शुभकामनाएं दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा ‘आप सबको पोंगल, विषु और भोगाली बिहू पर्व की बधाई! यह पर्व आपके जीवन में सुख, समृद्धि, खुशहाली लाये। प्रेम, सौहार्द और अपनत्व के नव पुष्प पल्लवित हों। हर चेहरे पर चिरस्थायी मुस्कान हो, यही कामना। बहुत-बहुत शुभकामनाएं! भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अपने शुभकामना संदेश में कहा ‘सभी देश और प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति, उत्तरायण, पोंगल, माघ बिहू एवं भोगी के पुनीत अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। यह पर्व आप सभी के लिए शुभ हो, मंगलदायी हो, आनंद देने वाला हो, प्रसन्नता बिखेरने वाला हो और आपके जीवन में प्रगति का और कल्याण का नया सबेरा लाने वाला हो। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ट्वीट कर शुभकामनाएं देते हुए कहा 'भास्करस्य यथा तेजो मकरस्थस्य वर्धते। तथैव भवतां तेजो वर्धतामिति कामये।।' मकर संक्रांति पर जिस प्रकार धनु राशि से मकर राशि में जाने पर सूर्य का तेज बढ़ता है,उसी तरह आपके जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की श्रीवृद्धि हो, ईश्वर से यही कामना करता हूं। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय/मयंक-hindusthansamachar.in