big-success-again-in-vaccination-in-indore-district-160-lakh-people-got-vaccinated
big-success-again-in-vaccination-in-indore-district-160-lakh-people-got-vaccinated

इंदौर जिले में टीकाकरण में फिर बड़ी सफलता, 1.60 लाख लोगों को लगवाए टीके

लक्ष्य से अधिक हुआ टीकाकरण, प्रदेश में इंदौर जिला पहले स्थान पर इंदौर, 23 जून (हि.स.)। इंदौर जिले में टीकाकरण का महा-अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। अभियान के पहले दिन 21 जून को देश में एक दिन में सर्वाधिक टीकाकरण कर पहले स्थान पर रहने के बाद बुधवार को दूसरे दिन फिर एक बड़ी सफलता हासिल की गई। जिले में बुधवार को निर्धारित लक्ष्य से अधिक लोगों का टीकाकरण किया गया। जिले में आज सवा लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था। इसकी तुलना में रात्रि साढ़े 8 बजे तक एक लाख 60 हजार से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है। यह संख्या और भी बढ़ने की उम्मीद है। यह आज प्रदेश में सर्वाधिक टीकाकरण है। जिले में टीकाकरण का महा-अभियान जन-आंदोलन का रूप लेते जा रहा है। अभियान जन-जन से जुड़ गया है। आज भी पहले दिन की तरह ही बड़ी संख्या में लोग सुबह से टीकाकरण केन्द्रों पर उत्साह के और उमंग के साथ पहुंचने लगे थे। टीका लगवाने का सिलसिला दिन भर चलता रहा। रात्रि साढ़े 8 बजे तक एक लाख 60 हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा चुका था। यह संख्या और भी बढ़ने की उम्मीद है। कोविन पोर्टल अनुसार जिले में अब तक कुल 22 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका है। इसमें से 19 लाख 16 हजार से अधिक लोगों को पहला डोज और दो लाख 84 हजार से अधिक लोगों को दूसरा डोज लगाया गया है। जिले में टीकाकरण महा-अभियान का बढ़ता जा रहा कारवां जिले में टीकाकरण महा-अभियान का कारवां तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस अभियान में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इसके फलस्वरूप अभियान में नित-नये अनूठे रिकार्ड के रूप में टीकाकरण हो रहा है। पहले दिन जहां सवा दो लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण कर इंदौर ने देश में पहला स्थान बनाया, वहीं 1.60 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण कर अपने तरह का एक अनूठा कीर्तिमान बनाया। इंदौर में आज अभियान के तहत एक अनूठा उदाहरण देखने को मिला, जब मंदिर में दर्शन और आशीर्वाद के लिये नवदम्पत्ति को भगवान के दर्शन और आशीर्वाद के पहले कोरोना महामारी से बचाने के लिये टीके के रूप में जीवन सुरक्षा का नया कवच मिला। इंदौर में जगह-जगह नागरिकों को टीकाकरण के लिये हर स्तर पर प्रेरित किया जा रहा है। धर्मस्थलों पर भी टीकाकरण की जानकारी देकर नागरिकों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे टीका अवश्य लगवाये। इंदौर में आज खजराना गणेश मंदिर में कुछ ऐसा ही उदाहरण देखने को मिला। नवविवाहित जोड़ा गणेशजी के दर्शन करने मंदिर आया था। मंदिर के पुजारी अशोक भट्ट ने नवदम्पत्ति से पूछा कि क्या आपने टीका लगवाया है? दूल्हे ने कहा अभी नहीं। पुजारी ने उन्हें समझाया कि भगवान के दर्शन और आशीर्वाद के साथ-साथ आज के वक्त में जीवन बचाने के लिये टीका लगवाना भी बहुत जरूरी है। पुजारी जी की बात पर नवदम्पत्ति जो कि देवास से आये जीतेन्द्र मौर्य और उनकी पत्नी काजल मौर्य ने सहमति व्यक्त की। इस पर उन्हें सम्मान के साथ मंदिर परिसर में ही बने टीकाकरण केन्द्र लाया गया। यहां उन्हें टीका लगाया गया। उपहार स्वरूप उन्हें मास्क भी भेट किया गया। टीका लगवाने के बाद मंदिर में भगवान के उन्हें दर्शन करवाए गये। घर जाकर लगाया टीका कलेक्टर मनीष सिंह के निर्देशन में दिव्यांगों तथा ऐसे लोग जो चलने फिरने में असमर्थ है, उनके टीकाकरण के लिये विशेष व्यवस्था की जा रही है। इन्हीं व्यवस्थाओं का एक उदाहरण इंदौर के मुराई मोहल्ले में भी दिखाई दिया। यहां टीकाकरण दल पहुंचा और चलने फिरने में असमर्थ भारती सिरसियां को टीका लगाया। यह प्रशासन की संवेदनशीलता का बेहतर उदाहरण बना। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in