acharyashree-vardhman-sagarji-and-nagar-gaurav-gunasagarji-maharaj-reached-cantt-on-foot
acharyashree-vardhman-sagarji-and-nagar-gaurav-gunasagarji-maharaj-reached-cantt-on-foot

पैदल विहार करते हुए कैंट पहुंचे आचार्यश्री वर्धमान सागरजी एवं नगर गौरव गुणसागरजी महाराज

गुना, 05 फरवरी (हि.स.) । आचार्यश्री वर्धमान सागरजी महाराज एवं नगर गौरव मुनिश्री गुणसागरजी महाराज का ससंघ मंगल प्रवेश शुक्रवार की शाम कैंट में हुआ। इसके पूर्व मावन एवं सिंगवासा के बीच दो आचार्य संघों का वात्सल्य मिलन हुआ। इस दौरान गुना की ओर आ रहे आचार्य वर्धमान सागरजी एवं गुना से विहार कर अशोकनगर की जा रहे आचार्य प्रमुख सागरजी महाराज के संघों का मिलन हुआ। दो आचार्य संघों के मिलन के साक्षी बने श्रद्धालुओं के जयकारों से माहौल गुंजयमान हो उठा। इस अवसर पर कुछ समय दो आचार्यों ने विश्राम कर आपस में चर्चा की। इसके बाद आचार्यश्री वर्धमान सागरजी महाराज का पैदल विहार गुना की ओर हुआ। यहां सिंगवासा तालाब के पास कैंट जैन समाज द्वारा बैंडबाजे के साथ आचार्यसंघ की भव्य अगवानी की। विवेक कॉलोनी से ही श्रद्धालुओं ने अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के आगे रंगोली सजाकर आचार्यश्री एवं नगर गौरव मुनिश्री गुण सागरजी महाराज की आरती कर पाद प्रक्षालान किया। गाजे-बाजे के साथ आचार्य संघ कैंट स्थित दिगंबर जैन पहुंचा। यहां रात्रि विश्राम के बाद शनिवार की प्रात: गुना की ओर पैदल विहार होगा। शनिवार को गुना में होगी भव्य अगवानी, निकलेगा जुलूस इस मौके पर शनिवार को प्रात: 8 बजे हनुमान चौराहे पर आचार्यसंघ एवं नगर गौरव गुणसागरजी महाराज की भव्य अगवानी होगी। यहां से एक भव्य जुलूस हनुमान चौराहे से आरंभ होकर सदर बाजार, सुगन चौराहा, पाटनी मेडिकल, नई सडक़ होते हुए पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर चौधरी मोहल्ला पहुंचेगा। यहां आचार्यश्री के प्रवचन होंगे। गुना में आचार्यश्री की भव्य अगवानी के लिए सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा पिछले कई दिनों से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं से परंपरागत पुरूषों के लिए सफेद एवं महिलाओं के लिए केसरिया साड़ी में जुलूस में शामिल होने की अपील की गई है। ओह... यह तो पीके कठ्रया जी हैं, धन्य हो गुना की धारती दीक्षा के करीब पौने दो साल बाद दिगंबर संत बनकर पहली बार गुना पहुंचे मुनिश्री गुणसागरजी महाराज को जब शहरवासियों ने देखा तो कहा ओह.. यह तो पीके जैन कठ्रया जी हैं, धन्य है गुना की पावन धरती। जिसने ऐसे महान तपस्वी को जन्म दिया। इस मौके पर पैदल विहार के दौरान मुनिश्री के दर्शन करने बड़ी संख्या में गुना जैन समाज के अलावा शहरवासी पहुंचे। इसके पूर्व शुक्रवार प्रात: आचार्यसंघ का पैदल विहार बेंहटा से हुआ। वहीं आहारचर्या ग्राम पगारा में हुई। इसके बाद पुन: पैदल विहार करते हुए कैंट पहुंचे। हिन्दुस्थान समाचार / अभिषेक-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in