सभी ने अपनी-अपनी जिम्मेदारी समझकर बाजार किए बंद
ग्वालियर,26 जुलाई (हि.स.)। कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन द्वारा किए गए आव्हान पर शहर के व्यापारियों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारी समझी और रविवार के दिन बाजार बंद रखे। इस दौरान बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए सुबह 6 से 10 बजे तक भीड़ जरूर रही। वहीं सड़कों पर वाहन दौड़ते रहे। हर बार की तरह इस बार भी रविवार को शहर में सम्पूर्ण लॉकडाउन रहा। दिन के समय बाजार सूनसान रहे। वहीं जो ठेेले वाले सड़कों पर खड़े दिखे उन्हें पुलिस बल ने डंडे के दम पर भगा दिया। पुलिस द्वारा अनावश्यक रूप से घूमने वाले वाहन मालिकों के चालान काटे गए। शहर में जगह-जगह पुलिस बल खड़ा हुआ दिखाई दिया। सुबह खरीदा आवश्यक सामान: लॉकडाउन में चार घण्टे मिली ढील में सुबह के समय शहरवासियों ने आवश्यकता के अनुसार सामान की खरीदारी की। इस दौरान दूध, दही, पनीर, बिस्किट आदि सामान खरीदा गया। हिन्दुस्थान समाचार/शरद-hindusthansamachar.in