बाढ़ से बचाव के लिए सभी तैयारियां समय रहते कर लें : कलेक्टर
रीवा, 12 जून (हि.स.)। नवागत कलेक्टर इलैया राजा टी ने शुक्रवार को बाढ़ से बचाव एवं राहत प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले के अधिकारियों को बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों की पूरी जानकारी है। इन क्षेत्रों का एसडीएम तथा अन्य अधिकारी भ्रमण कर लें। राजस्व, पुलिस, जल संसाधन तथा बाढ़ से संबंधित अन्य विभागों के बड़े से लेकर निचले स्तर तक के अधिकारियों, कर्मचारियों तक समय पर सूचनायें पहुंचाने के लिए पुख्ता व्यवस्था करें। वर्षा तथा जल स्तर के संबंध में प्राप्त सूचनाओं पर तत्परता से कार्यवाही करें। जिले को बाढ़ की विभीषिका से बचाने के लिए इससे जुड़ी हर सूचना पर तत्परता से कार्यवाही आवश्यक है। हमें बाढ़ आने पर राहत और बचाव के लिए बहुत कम समय मिलेगा। कलेक्टर ने कहा कि जिले में लगातार वर्षा होने अथवा भारी वर्षा होने पर सभी अधिकारी सचेत हो जायें। इस वर्ष अच्छी वर्षा होने तथा सिंचाई में पानी के कम उपयोग के कारण जलाशयों में एवं बांधों में पर्याप्त पानी भण्डारित है। कुछ घण्टों की तेज वर्षा भी बाढ़ की स्थिति ला सकती है। बाढ़ से राहत तथा बचाव के लिए पूरी तरह से तैयार रहें। बाढ़ संबंधी सूचनाएं देने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बना लें। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ बाढ़ प्रभावित प्रत्येक गांव से स्थानीय कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों एवं तथा जिम्मेदार नागरिकों को भी जोड़ें। जिला स्तर तथा खण्ड स्तर के बाढ़ कंट्रोल रूम 15 जून से आरंभ करके इन्हें 24 घण्टे संचालित करें। इसमें वर्षा के संबंध में सभी 12 केन्द्रों से प्रत्येक 6 घण्टे में जानकारी प्राप्त कर उसे रजिस्टर में दर्ज करने के साथ कम्प्यूटर में दर्ज करायें। सम्मिलित जानकारी को व्हाट्सएप के माध्यम से सभी अधिकारियों को प्रेषित करें। हिन्दुस्थान समाचार / विनोद शुक्ल-hindusthansamachar.in