कांग्रेस की पहचान करप्शन, क्राइम और कमीशनखोरीः शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस सिर्फ तुष्टिकरण की बात करती है। करप्शन, क्राइम और कमीशनबाजी कांग्रेस की पहचान बन गए हैं।
कांग्रेस की पहचान करप्शन, क्राइम और कमीशनखोरीः शिवराज

बेंगलुरु, एजेंसी। कर्नाटक में भाजपा प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस सिर्फ तुष्टिकरण की बात करती है। करप्शन, क्राइम और कमीशनबाजी कांग्रेस की पहचान बन गए हैं। कांग्रेस की सरकारें जहां भी हैं, वो करप्शन, क्राइम और कमीशन के आधार पर ही काम कर रही हैं। दूसरी तरफ भाजपा की पहचान है विकास, रेल कनेक्टिविटी, रोड कनेक्टिविटी, एयर कनेक्टिविटी और स्वच्छता। भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार ने कर्नाटक में भी विकास के नए रिकॉर्ड बनाए हैं।
कांग्रेस रोकती है, भाजपा जनसेवा के लिए आगे बढ़ती है
उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देने का काम कर रही है। भाजपा की सरकार कर्नाटक में सिंचाई की व्यवस्था कर रही है। यह भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार ही है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसान सम्मान निधि के 6 हजार रुपये प्रत्येक किसान को देते हैं, तो कर्नाटक के मुख्यमंत्री बोम्मई जी भी हर साल चार हजार रुपये किसानों के खाते में डालते हैं।
चौहान ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तो उसने किसान सम्मान निधि के लिए पात्र किसानों के नाम तक नहीं भेजे ताकि किसानों को पैसा न मिल सके। इसलिए मैं आपसे कहना चाहता हूं कि कांग्रेस हमेशा रोकती है, लेकिन भाजपा जनता की सेवा करने के लिए आगे बढ़ती ही जाती है।
कांग्रेस को खत्म कर रहे हैं राहुल गांधी
शिवराज चौहान ने कहा कि देश की आजादी के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था कि कांग्रेस को भंग कर देना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस देश को आजाद कराने के लिए थी और अब वह काम पूरा हो चुका है। उस समय जवाहरलाल नेहरू ने महात्मा गांधी की बात नहीं मानी। लेकिन अब लगता है राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की बात मान ली है और यह संकल्प ले लिया है कि वो कांग्रेस को खत्म करके ही छोड़ेंगे। चौहान ने कहा कि आज कांग्रेस खुद भ्रमित है। कांग्रेस का कहीं कोई अस्तित्व नहीं रह गया है और वह धीरे-धीरे करके खत्म होती जा रही है।

Related Stories

No stories found.