रांची, 09 जून (हि.स.)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के 121वेेे पुण्यतिथि पर बुधवार को विश्व हिंदू परिषद झारखंड का प्रतिनिधिमंडल खूंटी के उलीहातू स्थित आवास पर जाकर उनके वंशजों से मिला । जन्मस्थान पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजा अर्चना कर पुण्यतिथि पर भगवान बिरसा मुंडा को याद किया। कार्यक्रम में उपस्थित विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधिमंडल की ओर से बिरसा के वंशजों को अंगवस्त्रम , पारंपरिक वस्त्र और अन्न देकर सम्मानित किया । मौके पर कार्यक्रम में उपस्थित प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह ने कहा कि जिन महान उद्देश्यों को लेकर इस हुतात्मा ने प्राणोत्सर्ग किया। वनवासी समाज मे राष्ट्रीय चेतना की स्थापना की। धर्मांतरण के विरुद्ध जिन्होंने उलगुलान किया। लेकिन आजादी के बाद क्या हमारी सरकार ने ऐसी ततपरता वनवासियों के मुद्दों पर दिखाई है? करीब 60 फीसदी वनवासी शिक्षा,स्वास्थ्य, आवास,जैसी मूलभूत आवश्यकताओं से वंचित है।जिसके विरुद्ध बिरसा मुंडा ने "उलगुलान" महाविद्रोह का नेतृत्व किया था। वे बुनियादी मुद्दे आज भी वनवासियों के सामने खड़े है। उन्होंने कहा की बिरसा मुंडा के वंशजों की शिक्षा मे विश्व हिंदू परिषद पूर्ण सहयोग करेगी ।ज्ञात हो कि बीते मंगलवार को बिरसा मुंडा के वंशज जैनी मुंडा ने अपने शिक्षा और आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार से गुहार लगाई थी। बजरंग दल विभाग संयोजक अमर प्रसाद ने कहा कि शीघ्र ही विहिप और बजरंग दल द्वारा ग्राम को गोद लेकर आर्थिक उद्यमिता के लिए यथासंभव प्रयास किए जायेंगे ।युवाओं एवं महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा ।उन्होंने यह भी बताया कि विहिप द्वारा पूरे प्रांत में भगवान बिरसा मुंडा के पुण्यतिथि पर कार्यक्रम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान कई कार्यकर्ता मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/ विकास





