रांची, 23 अप्रैल (हि. स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद प्रोफेसर दुखा भगत के निधन पर गहरा दुःख जताया है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतृप्त परिवारजनों व समर्थकों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि दुखा भगत भाजपा वनांचल समिति के अंतिम और झारखंड के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पार्टी को काफी गति दिया था। उन्होंने कहा कि दुखा भगत के कार्यकाल को भुलाया नहीं जा सकता। अलग झारखंड के मांग में भी दुखा भगत की भूमिका सराहनीय रही थी। इसके साथ ही लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र में एक सांसद के रूप में शानदार कार्य किया था जिसे भुलाया नहीं जा सकता है। विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी पूर्व अध्यक्ष व पूर्व लोकसभा सांसद दुखा भगत के निधन को झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि भगत के निधन पर वह अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। दुःख की इस घड़ी में ईश्वर परिजनों को साहस प्रदान करें व पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उन्होंने कहा कि अलग झारखंड निर्माण के बाद दुखा भगत ने पार्टी विस्तार में अपनी सराहनीय भूमिका निभाई थी और पार्टी को सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों तक पहुंचाने में भी बड़ा रोल रहा था। वहीं संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने भी पूर्व सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दुखा भगत के निधन पर गहरा दुःख जताते हुए कहा कि यह दुखदायी खबर है। भगवान से इनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हैं। शोक प्रकट करने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा ,सुनील सिंह, राज पालिवार, गंगोत्री कुजूर, प्रणव वर्मा, विनोद शर्मा, अपर्णा सेन गुप्ता, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, प्रदीप वर्मा, कुमार, मिस्फीका हसन आदि शामिल हैं। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण
⌵ ⌵ ⌵ ⌵ Next Story Follows ⌵ ⌵ ⌵ ⌵




