state-congress-called-bjp39s-dharna-a-gimmick
state-congress-called-bjp39s-dharna-a-gimmick

प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा के धरना को बताया नौटंकी

रांची, 18 जून (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा नेताओं-कार्यकर्त्ताओं की ओर से खेतों दिये जा रहे धरना-प्रदर्शन को नौटंकी करार दिया है। कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के खेतों में धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम को किसान आंदोलन में शहीद एक हजार किसानों का अपमान बताया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता ने भाजपा के इस प्रदर्शन को काले कृषि कानून के खिलाफ शहादत देने वाले एक हजार किसानों का अपमान बताते हुए शुक्रवार को कहा कि आज दिल्ली के सीमा पर गाजीपुर, टिकरी समेत अन्य क्षेत्रों में किसान धरना प्रदर्शन पर बैठे हैं। केंद्र सरकार किसानों की मांगों की अनदेखी कर रहे हैं। भाजपा नेता नौटंकी कर रहे हैं। अब वह दिन दूर नहीं जब केंद्र सरकार के खिलाफ जनता सीधी कार्रवाई पर विवश होगी। उन्होंने कहा कि धान खरीद के बकाया भुगतान के मसले पर राजनीति कर रहे भाजपा नेताओं को यह बताना चाहिए कि उनके कार्यकाल में धान की कितनी खरीदारी हुई और कितनी राशि एमएसपी तथा बोनस के रूप में किसानों को दिये गये। जबकि गठबंधन सरकार में 2020-21 में धान की रिकॉर्ड खरीदारी हुई । धान खरीद के लिए राज्य सरकार की नोडल एजेंसी झारखंड राज्य खाद्य निगम की ओर से वर्ष 2020-21 में 60.85 लाख टन धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य रखा गया था जिसके विरुद्घ 62.41 लाख टन धान की खरीद की गयी जो 102 प्रतिशत है। पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है। इसके एवज में राज्य सरकार को 943.21 करोड़ एमएसपी और बोनस के रूप में भुगतान करना था। इसके एवज में राज्य सरकार की ओर से 568.50 करोड़ का भुगतान कर दिया गया है और किसानों के पूर्ण भुगतान के लिए 374.71करोड़ की आवश्यकता है। जिसमें से एफसीआई के पास बकाया 180 करोड़ है। जैसे-जैसे एफसीआई से राशि प्राप्त हो रही है, वैसे-वैसे किसानों के भुगतान के लिए जिला को राशि उपलब्ध करा दी जा रही है। इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से 290 करोड़ रुपये लोन लेकर किसानों के बकाया भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है और जल्द ही एक-एक पाई किसानों का चुकता हो जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in