rpn-singh-will-come-to-ranchi-on-19-to-join-congress-tractor-rally
rpn-singh-will-come-to-ranchi-on-19-to-join-congress-tractor-rally

कांग्रेस के ट्रैक्टर रैली में शामिल होने के लिए आरपीएन सिंह 19 को आएंगे रांची

रांची, 18 फरवरी (हि. स.)। कांग्रेस की ओर से 20 फरवरी को हजारीबाग में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन सह ट्रैक्टर रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह 19 फरवरी को रांची आएंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने यह जानकारी गुरुवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लाए गए तीन कृषि कानून के खिलाफ किसान लगातार आंदोलन कर रहे हैं। आज आंदोलन का 85वां दिन है। आज किसान रेल रोको आंदोलन कर रहे हैं जिसका कांग्रेस ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि हजारीबाग में आयोजित ट्रैक्टर रैली ऐतिहासिक होगी। इसमें दो हजार ट्रैक्टर और किसान शामिल होंगे। ट्रैक्टर रैली को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख लगातार हजारीबाग का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हजारीबाग के बाद खूंटी, चाईबासा, पलामू सहित अन्य जिलों में भी रैली का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह रामगढ़ में आजादी के लिए अधिवेशन हुआ था। ठीक उसी प्रकार रामगढ़ में भी ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी आमंत्रित किया जाएगा। प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि केंद्र सरकार देश के 62 करोड़ किसानों की उपेक्षा कर रही है। पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दाम में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। महंगाई से आम जनता त्रस्त है लेकिन केंद्र सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। केंद्र सरकार जनता को सिर्फ गुमराह कर रही है। प्रवक्ता राजेश गुप्ता ने कहा कि हेमंत सरकार का अभी एक साल का कार्यकाल पूरा हुआ है। इन एक साल में भाजपा को राज्य सरकार की एक भी उपलब्धि नहीं दिखी। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in