Ranchi: धूमधाम से मना कांग्रेस का 139वां स्थापना दिवस, जानें कार्यकर्ताओं ने क्या कहा, गिनाई उपलब्धियां

Ranchi News: प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी के 139वां स्थापना दिवस रांची स्थित कार्यालय में आज धूमधाम से मनाया। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बन्धु तिर्की ने झण्डोत्तोलन किया।
Congress
Congress Raftaar.in

रांची, हि.स.। प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी के 139वां स्थापना दिवस रांची स्थित कार्यालय में आज धूमधाम से मनाया। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बन्धु तिर्की ने झण्डोत्तोलन किया और गार्ड ऑफ ऑनर सेवादल के प्रदेश महासचिव छोटू सिंह ने दी।

138 वर्ष पूर्व 28 दिसम्बर 1885 को कांग्रेस की स्थापना हुई

मौके पर बन्धु तिर्की ने सभी को कांग्रेस स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि 138 वर्ष पूर्व 28 दिसम्बर 1885 को स्थापित कांग्रेस की चुनौती आज बहुत बढ़ गयी है। देश को विभाजनकारी शक्तियों के साथ ही अलगाववादी विचारधारा से बचाना और उन मूल्यों की रक्षा करना हम कांग्रेसियों की बहुत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसके आधार पर स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी गई और आजादी के तत्काल बाद देश का महानिर्माण शुरू हुआ।

नेहरू के नेतृत्व में भारत को विकसित बनाने का महाभियान हुआ प्रारंभ

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पंडित जवाहर लाल नेहरू के नेतृत्व में भारत को विकसित बनाने का जो महाभियान प्रारंभ हुआ उसी के कारण हमारा देश दुनिया की महत्वपूर्ण शक्तियों में शामिल हुआ। उन्होंने कहा कि 5.5 करोड़ से अधिक कांग्रेस के सदस्य हैं। हमारी विचारधारा कश्मीर से कच्छ और कन्याकुमारी से मणिपुर तक फैली है। हमारी जड़ भारत की मिट्टी के कण-कण में है। धर्मनिपेक्षता, नागरिक राष्ट्रवाद, उदारवाद, आर्थिक उदारवाद हमारा आधार है। अंतरराष्ट्रीय सौहार्दपूर्ण संबंधों और प्रगतिशील गठबंधन को कांग्रेस सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

देश को कांग्रेस की नीति एवं सिद्धांतों की आवश्यकता है

तिर्की ने कहा कि देश को कांग्रेस की नीति एवं सिद्धांतों की सबसे ज्यादा आवश्यकता है। कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य सिर्फ सत्ता हासिल करना नहीं है, देश को एकजुट रखते हुए विकास के पथ पर अग्रसर करना है। उन्होंने कहा कि हमलोग ऐसे राष्ट्रीय पार्टी के सदस्य हैं, जिसका गौरवमय इतिहास रहा है। पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में कमजोर वर्ग को उनके अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष कर रही है। हमने त्याग और बलिदान के कई उदाहरण दिये हैं। आने वाला वर्ष 2024 पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है।

देश में आम चुनाव होना है और झारखंड में भी चुनाव होना है। उपस्थित नेताओं से हमारा आग्रह होगा कि हम अपने कार्यक्रमों के माध्यम से अपने नीति-सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाये। इस अवसर पर केशव महतो कमलेश, अमुल्य नीरज खलखो, मदन मोहन शर्मा, विनय सिन्हा दीपू, सतीश पॉल मुंजनी, गीताश्री उरांव, आभा सिन्हा सहित अन्य मौजूद थे।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in