motorcycle-collided-with-divider-two-friends-died
motorcycle-collided-with-divider-two-friends-died

डिवाइडर से टकरायी मोटरसाइकिल, दो दोस्तों की मौत

खूंटी, 27 फरवरी(हि.स.)। तोरपा थाना क्षेत्र के तोरपा-कर्रा मुख्य पथ पर छाता नदी पुल के डिवाइडर से टकरा बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गयी। घटना शनिवार सुबह की है। मृतकों में तोरपा थाना के टाटी डांड़टोली गांव के दुर्गा धनवार और सिमडेगा जिले के बानो थाना के जितूटोली गांव निवासी आलोक बारला के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलने पर तोरपा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। घटनास्थल पर पहुंचे दुर्गा धनवार के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात टाटी डांडटोली स्थित अपने घर पर आलोक बरला के अलावा दो और दोस्त आये हुए थे। दोस्तों को छोड़ने की बात कह कर दुर्गा शनिवार को अपने दोस्तों के साथ सुबह सात बजे घर से निकला था। दुर्गा व आलोक एक 200 सीसी के बजाज पल्सर बाइक पर सवार थे और दो दोस्त एक स्कूटी से जा रहे थे। सुबह 8 बजे के लगभग जितूतोली जाने के बजाय दूसरी कर्रा की ओर जा रहे थे। जाने के क्रम में छाता नदी के पुल से पहले तीखे मोड़ में बाइक अनियंत्रित होकर गार्डवाल से टकरा गयी और आलोक व दुर्गा गिरकर लगभग सौ मीटर तक सड़क पर घसिटते चले गये। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा है कि बाइक लगभग सौ किलोमीटर से भी अधिक रफ्तार से जा रही थी। अधिक गति होने के कारण चालक ने मोड़ के पास नियंत्रण खो दिया और बाइक डिवाइडर से टकरा गयी। दोनों में किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। हिन्दुस्थान समाचार/अनिल

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in