रांची, 15 अप्रैल (हि. स.)। झारखण्ड चैंबर ऑफ काॅमर्स ने कोरोना को लेकर राज्य की चिकित्सा व्यवस्था पर नाराजगी जताई है। चैंबर के अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबडा ने गुरुवार को कहा कि कोरोना से संक्रमित होने वाले और दम तोड़ने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अस्पतालों में रेमडेसिवर की कमी होने से मरीजों के परिजन विभिन्न अस्पतालों के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड मरीजों को अस्पतालों में केवल बेड और वेंटिलेटर मिलने में ही परेशानी नहीं हो रही बल्कि जरूरी दवाओं और ऑक्सीजन की कमी भी है। चैंबर अध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए कहा कि संक्रमण की पहली लहर से सबक लेते हुए सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था युद्धस्तर पर की जानी होनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि चैम्बर अध्यक्ष ने इस मामले में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. हर्षवर्द्धन को भी पत्र लिखकर झारखण्ड में पर्याप्त संख्या में रेमडेसिविर की आपूर्ति करने की मांग की है। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण




