झारखंड
मेयर आशा लकड़ा तानाशाही रवैये की शिकार : विनोद सिंह
रांची, 03 अप्रैल (हि. स.)। रांची नगर निगम में विगत कुछ दिनों से मेयर आशा लकड़ा तानाशाही रवैये का शिकार हो गई है। पार्षदों के द्वारा विकास योजनाओं या कोई सवाल उठाने पर उनके द्वारा पार्षदों पर असंसदीय टिप्पणी करना उनके स्वभाव का हिस्सा बन चुका है। वार्ड 34 के पार्षद विनोद सिंह ने शनिवार को कहा कि शुक्रवार के अखबार में उनके द्वारा दिया गया बयान जिसमें पार्षदों को "तथाकथित पार्षद" कहा जाना आपत्तिजनक शब्द है। जनता के द्वारा चुने हुए प्रतिनिधि के प्रति ऐसे शब्दों का प्रयोग किया जाना गैरजिम्मेदाराना प्रतीत होता है। इससे वार्ड सदस्यों में काफी रोष है। उनका यह रवैया से विकास प्रभावित हो रहा है। आने वाले समय में अगर उनकी गतिविधियों में सुधार नहीं होती है तो ये टकराव जनहित को नजर में रखते हुये आंदोलन का रूप लेने पर विवश होगी । हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण