jmm-will-eat-mouth-like-tamar-in-madhupur-babulal-marandi
jmm-will-eat-mouth-like-tamar-in-madhupur-babulal-marandi

मधुपुर में तमाड़ की तरह मुंह की खाएगी झामुमो : बाबूलाल मरांडी

रांची, 22 मार्च (हि. स.)। (अपडेट) मधुपुर विधानसभा उप चुनाव से पूर्व आजसू पार्टी के गंगा नारायण सिंह ने सोमवार को भाजपा का दामन थाम लिया। प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री व विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, देवघर के विधायक व जिलाध्यक्ष नारायण दास ने माला व पट्टा पहनाकर गंगा नारायण सिंह का स्वागत किया। इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने गंगा नारायण सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार करना है। गांव गरीब किसान के लिए प्रधानमंत्री द्वारा चलाए जा रहे अभियान को आगे बढ़ाना है। गंगा नारायण सिंह के पार्टी में आने से देवघर जिला ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड में पार्टी को एक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सरकार के जनविरोधी कार्यकलाप और जनता की नाराजगी को भांपते हुए व चुनाव की हार के डर से अपने उम्मीदवार को विधायक बनने के पूर्व ही मंत्री बनाया है। लेकिन झामुमो तमाड़ की हार भूल गयी है। शिबू सोरेन मुख्यमंत्री होते हुए भी चुनाव हार गए थे। मधुपुर में भी यही होने वाला है। भाजपा कैडर बेस्ड पार्टी है, पार्टी की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के सवा साल के कार्यकाल से जनता ऊब चुकी है। मधुपुर की जनता इस चुनाव में करारा जवाब देगी। गंगा नारायण सिंह ने कहा कि गांव, गरीब व किसान की निस्वार्थ सेवा के लिए भाजपा जॉइन किया है। भाजपा का सिपाही होने के नाते निस्वार्थ कार्य करूंगा। अटल बिहारी बाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आदर्श मानता हूं। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास जी,संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह का आभार प्रकट करते हुए कहा भाजपा का सिपाही होने के नाते पूरी ईमानदारी, पूरे विश्वास और निष्ठा के साथ कार्य करूंगा। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in