रांची, 03 जून (हि. स.)।भारत सरकार के नीति आयोग ने सतत विकास के लक्ष्यों पर अपनी 2020-21 की तीसरी रिपोर्ट गुरुवार को जारी कर दी है। इस बार की रिपोर्ट में झारखण्ड 56वें स्थान पर रहा है, जबकि बिहार 57वें स्थान पर है। झारखंड के इस खराब प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सचिव विनय कुमार चौबे ने गुरुवार को कहा कि सरकार सतत विकास के लक्ष्यों पर रिपोर्ट जारी करती है। हम इंप्रूवमेंट कर रहे हैं। हमें और बेहतर करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हम और बेहतर काम करेंगे ताकि हमारा पॉइंट और बेहतर हो सके। हालांकि, हम बिहार से बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि हमें थोड़ा मेहनत करनी होगी ताकि हम और अच्छा कर सकें। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को भारत सरकार के नीति आयोग ने सतत विकास के लक्ष्यों पर अपनी 2020-21 की तीसरी रिपोर्ट जारी की है। इसमें झारखंड 56वें स्थान पर रहा है। नीति आयोग की (सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स) एसडीजी इंडिया इंडेक्स में राज्यों और संघ शासित क्षेत्रों का सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरण के क्षेत्र में इनकी प्रगति को मापता है। इसी के आधार पर उनकी रैंकिंग करता है। रिपोर्ट में झारखंड का सबसे खराब रिकॉर्ड अपनी जनता की भूख मिटाने के मामले में रहा है, जबकि इसी मामले में शानदार काम करते हुए केरल और चंडीगढ़ टॉप स्थान पर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक स्वास्थ्य के मामले में भी झारखंड का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण




