hemant-sarkar39s-countdown-begins-nishikant-dubey
hemant-sarkar39s-countdown-begins-nishikant-dubey

हेमंत सरकार की उल्टी गिनती शुरू : निशिकांत दुबे

देवघर, 25 जून (हि.स.)। हेमंत सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और जल्द ही राज्य की जनता उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। यह बात स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज 25 जून है और आज ही के दिन 1975 को इंदिरा गांधी आपातकाल लाई थी जिस कारण आज लोकतंत्र बचाने का दिन है और वे वही कर रहे हैं। साँसद श्री दुबे ने मुख्यमंत्री पर तीखे हमले करते हुए कहा कि वे देवघर की जनता को भीख मंगवाना चाहते हैं जिस कारण जब उन्होंने मन्दिर खोले जाने की मांग की तो बदले की भावना के तहत उनपर और उनके परिजनों पर केस करवा दिया किन्तु देवघर की जनता यह सब जानती -समझती है और जल्द ही इसका माकूल जबाब भी देगी। उन्होंने देवघर डीसी पर भी तीव्र प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि देवघर डीसी जो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इशारे पर काम कर रहे हैं आगामी चुनाव के बाद जब भाजपा की सरकार बनेगी तो यही डीसी हेमंत सोरेन द्वारा संताल परगना काश्तकारी अधिनियम की धज्जियां उड़ाकर दुमका में बनाये गए उनके आवास को बुलडोजर लेकर उड़ा देंगे। एम्स ओपीडी उद्घाटन के अवसर पर साँसद के रूप में उनके सशरीर उपस्थिति ना होने के निर्णय से नाराज साँसद श्री दुबे ने कहा कि हेमंत सरकार की यह ओछी राजनीति है जबकि यह परम्परागत रूप से तय है कि केंद्र सरकार के योजनाओं के उद्घाटन अवसर पर स्थानीय साँसद और विधायक का विशेषाधिकार है किंतु हेमंत सरकार राजनीतिक उद्देश्यों के तहत लोकतंत्र के स्थापित परंपराओं को दरकिनार कर सिर्फ राजनीति करने में व्यस्त है। उल्लेखनीय है कि कोरोना प्रोटोकॉल के तहत पांच लोगों की उपस्थिति के कारण उद्घाटन के लिए साँसद निशिकांत दुबे को सशरीर उपस्थिति के लिए आमंत्रित नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि एम्स का उद्घाटन अब स्वयं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा विधायक सह भाजपा जिला अध्यक्ष नारायण दास भी उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/चन्द्र विजय

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in