मेदिनीनगर, 25 जून (हि.स.)। आयुक्त जटाशंकर चौधरी ने पलामू प्रमंडल वासियों से स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि आम लोग पूर्व में जारी गाइडलाइन का अनुपालन सुनिश्चित करें और कोविड अनुरुप व्यवहारों का पालन करें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को भी पलामू, गढ़वा व लातेहार जिलों के अधिकारिकारियों को भी गाइडलाइन का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। आयुक्त ने कहा कि संक्रमण कम हुए हैं, लेकिन खतरा टला नहीं है। संक्रमण में कमी से हम लोगों को बहुत खुश होने की जरूरत नहीं है, बल्कि एहतियात बरतने की सख्त आवश्यकता है। थोड़ी लापरवाही भी हमें संक्रमण की जद में ले जाएगा। कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करते हुए मास्क जरूर लगायें। घरों से जब भी निकले मास्क जरूर पहने। साथ ही भीड़ वाले स्थानों में जाने से खुद को बचाव करें। एक दूसरे के बीच सोशल डिस्टेंसिंग रखें। उन्होंने कहा कि अगर कहीं नहीं जा रहे हैं, घर में भी हैं तो भी भोजन के पूर्व हाथों को ठीक से साबुन-पानी से अवश्य धोएं, ताकि संक्रमण के खतरे से बचा जा सके। आयुक्त ने लोगों से कोविड-19 से बचाव के लिए टीका लेने का भी अपील किया है। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के फैलाव से बचाव एवं उचित प्रबंधन के लिए तीनों जिले पलामू, गढ़वा व लातेहार के अधिकारियों को गाइडलाइन का अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/संजय




