businessman-hatched-conspiracy-to-kidnap-himself-went-to-jail
businessman-hatched-conspiracy-to-kidnap-himself-went-to-jail

व्यवसायी ने रची थी खुद के अपहरण की साजिश, गया जेल

लातेहार, 21 मई (हि. स.)। सदर थाना क्षेत्र के पांडेयपुरा गांव निवासी व्यवसाई जयप्रकाश प्रसाद ने अपने ही अपहरण की साजिश रची थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया । घटना की जानकारी देते हुए शुक्रवार को इंस्पेक्टर अमित गुप्ता ने बताया कि व्यवसायी ने दो शादी की थी। एक पत्नी को घर में रखता था। वहीं दूसरी पत्नी चंदवा में रखता था। इन दिनों वह पैसे की तंगी से गुजर रहा था। इसी बीच जयप्रकाश प्रसाद गुरुवार को चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्रहमनी स्थित अपने सीमेंट दुकान जाने के लिए घर से निकला था। लेकिन वह दो बजे के बाद वापस घर नहीं लौटा था। इसी बीच उसने अपने ससुराल में फोन कर अपने अपहरण की जानकारी दी और फिरौती के रूप में पांच लाख रुपए की मांग की। व्यवसाई के ससुराल वालों ने इसकी जानकारी जयप्रकाश के पिता को दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद व्यवसायी के परिजन अपने स्तर से मामले की छानबीन करने लगे। परंतु जब उन्हें कुछ समझ में नहीं आया तो रात में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस ने व्यवसाई के मोबाइल लोकेशन के आधार पर छानबीन किया तो पता चला कि जयप्रकाश चंदवा थाना क्षेत्र में ही है। पुलिस ने तत्काल टीम बनाकर छापामारी की और व्यवसाई को बरामद कर लिया। जिस घर में वह था उसके साथ दूसरी पत्नी भी थी। पूछाताछ के दौरान जयप्रकाश ने बताया कि ससुराल वालों से पैसे ठगने के लिए उसके अपने अपहरण की साजिश रची थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हिंदुस्थान समाचार/ राजीव

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in