Ajsu student union outraged by Ormanjhi Nirbhaya incident burnt CM's effigy
Ajsu student union outraged by Ormanjhi Nirbhaya incident burnt CM's effigy

ओरमांझी निर्भया कांड से आक्रोशित आजसू छात्र संघ ने फूंका सीएम का पुतला

रामगढ़, 06 जनवरी (हि.स.) । ओरमांझी में युवती की बलात्कार के बाद हत्या के मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार को करारा जवाब देने का मन बना लिया है। बुधवार को रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड मुख्यालय में डीवीसी चौक पर आजसू छात्र संघ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका। मौके पर पार्टी के विनोबा भावे विश्वविद्यालय प्रभारी राजेश कुमार महतो ने कहा कि वर्तमान सरकार के शासनकाल में कानून व्यवस्था तार-तार हो गई है। अपराधी बेलगाम और बेखौफ दुष्कर्म, डकैती, लूटकांड जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने बीते सप्ताह ओरमांझी में हुए निर्भया कांड की भर्त्सना करते हुए मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताया। उन्होंने कहा कि सरकार गठन के महज साल भर के भीतर 1765 महिलाओं की हत्या और बलात्कार की घटना सामने आई। उन्होंने कहा कि अपराधियों का अब तक गिरफ्तार न होना सरकार और प्रशासन की लचर व्यवस्था को बयां करता है। आजसू छात्र संघ के पदाधिकारियों व सदस्यों ने अपराधियों के अविलंब गिरफ्तारी व फांसी की मांग सरकार से की है। कैंडल मार्च और पुतला दहन कार्यक्रम में सचिव सुबिन तिवारी,उपाध्यक्ष अनुराग भारद्वाज सहित कई लोग शामिल थे। हिन्दुस्थान समाचार/अमितेश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in