मोदी ने भारत की आत्मा पर काले कानून के साथ चोट की : रामेश्वर
रांची, 03 अक्टूबर (हि. स.)। केंद्र सरकार की ओर से कृषि कानूनों में बदलाव के खिलाफ दो से 31 अक्टूबर तक चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ शनिवार को रांची में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने किया। उरांव ने कहा कि मोदी द्वारा भारत की आत्मा पर काले कानून के साथ चोट की गई है। भारत की आत्मा गांवों में बसती है लेकिन कृषि कानून में संशोधन करके मोदी ने जिस तानाशाही रवैया का परिचय दिया है। उसके खिलाफ किसानों के साथ मिलकर कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। पूरे राज्य से लाखों हस्ताक्षर के एकत्रित कर इस बिल के खिलाफ जनमानस में जनचेतना जगाने का काम कांग्रेस करेगी और आम जनता के साथ मिलकर इस आंदोलन को धारदार बनाएगी ताकि मोदी को अपनी भूल का एहसास हो सके। वह इस काले कानून को वापस ले। महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि पूरा देश मोदी के कुकर्म से त्रस्त है। वह देश की जनता को हर स्तर पर अपनी तानाशाह रवैया का चरित्र प्रस्तुत करते हैं। अपने कॉर्पोरेट मित्रों लाभ पहुंचाने के लिए वह देश की जनता का मजाक बना रहे हैं। कृषि कानून में बदलाव औद्योगिक घरानों से उनकी दोस्ती का परिचायक है, जो क्षेत्र आज तक कॉरपोरेट जगत से अछूता रहा उसे उसे भी उन्होंने कॉर्पोरेट घरानों को सौंपने का एक षड्यंत्र रच दिया है। डोरंडा प्रखंड कांग्रेस के कार्यालय का उद्घाटन इधर डोरंडा प्रखंड कांग्रेस कमेटी के कार्यालय का उद्घाटन प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, महानगर अध्यक्ष संजय पांडेय, प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद और अजय नाथ शाहदेव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर नेताओं ने डोरंडा प्रखंड के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि विगत कई वर्षों के बाद प्रखंड स्तर पर कार्य करने के लिए प्रखंड स्तरीय कार्यालय का शुभारंभ डोरंडा में किया जाना कार्यकर्ताओं के उत्साह का परिचायक है। प्रखंड स्तर पर अपना कार्यालय होने से संगठन की गतिविधियां जमीनी स्तर तक आम लोगों के बीच में चलाई जा सकती है। आम लोग भी अपनी समस्याओं को लेकर कार्यकर्ताओं से अपना संवाद बेहतर तरीके से स्थापित कर सकते हैं। इसके माध्यम से उच्च स्तरीय कार्यकर्ताओं तक पहुंच आसानी से बनाया जा सकता है तथा उनके बीच दिन प्रतिदिन बेहतर सामंजस्य स्थापित किया जा सकता है। इस अवसर पर ज्योति सिंह मथारू, कमल ठाकुर ,विशाल सिंह, बॉबी खान, संतोष सिंह, अजीत पंडित, संजय मिंज आदि उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण/विनय-hindusthansamachar.in