08/05/2021 उधमपुर/कटडा, 8 मई (हि.स.)। नगरपालिका के वार्ड नंबर 2 के पार्षद रवि नाग ने वन टोल प्लाजा पर बात करते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों से वन टोल प्लाजा के ठेकेदारों द्वारा कटडा सहित आसपास क्षेत्र की रियायती मासिक पास को रिन्यू करना बंद कर दिया गया था। जिसके चलते कटडा सहित आसपास के ग्रामीण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर होटल एसोसिएशन सहित उनकी टीम द्वारा हर उचित कदम उठाया गया और उक्त मामले को उचित मंच तक उजागर किया गया। उन्होंने बताया कि टीम द्वारा किए गए प्रयासों के बाद हाल ही में प्रोजैक्ट डायरैक्टर एनएचएआई द्वारा वन टोल प्लाजा के ठेकेदारों को लिखित में पूछा गया है कि आखिर क्यों कटडा सहित आसपास क्षेत्र के लोगों के रियायती मासिक पासों को बंद किया गया है। एनएचएआई द्वारा ठेकेदार को लिखे गए पत्र में यह भी पूछा गया है कि जब उन्होंने उक्त टेंडर लिया था तो उस समय कटडा सहित आसपास क्षेत्र के कितने रियायती पास एक्टिव थे, मौजूदा समय में कितने पास एक्टिव हैं। उन्होंने यह भी पूछा है कि जिन रियायती पासों को डी-एक्टिवेट किया गया है उसका कारण क्या है। बाद में कहा कि एनएचए आई द्वारा लिखित में लिखे गए पत्र के बाद ऐसा माना जा रहा है कि वन टोल प्लाजा चालकों द्वारा कटडा वासियों के रियायती मासिक पास को रिन्यू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर अब भी ऐसा नहीं होता है तो कटडा वासी इससे भी आगे की लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/बलवान





