bjp-targeted-congress-said-unnecessary-ruckus-over-increased-prices-of-petrol-and-diesel
bjp-targeted-congress-said-unnecessary-ruckus-over-increased-prices-of-petrol-and-diesel

भाजपा ने साधा कांग्रेस पर निशाना, कहा पेट्रोल डीजल की बढ़ी कीमतों पर कर रहे बेवजह हंगामा

जम्मू, 11 जून (हि स) । भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह पेट्रोल, डीजल तथा एलपीजी की बढ़ी कीमतों को लेकर बेवजह हंगामा कर रहे हैं। शुक्रवार को एक बयान जारी करते हुए प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष युद्धवीर सेठी ने कहा कि कांग्रेस के पास भाजपा का मुकाबला करने के लिए कोई महत्वपूर्ण मुद्दा नहीं बचा है इसलिए इस तरह के अर्थहीन मुद्दों को सहारा बनाकर वह समाचारों में प्रासंगिक बने रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन के दौरान भी पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में वृद्धि देखी गई थी और जब तक पेट्रोलियम आयात पर निर्भर है तब तक ऐसी वृद्धि अपरिहार्य है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में जिस तरह की तेजी आई है उसे पूरा देश भलीभांति जानता है लेकिन कांग्रेस जो देश की मुख्य पार्टी होने का दावा करती है, स्थिति से अनजान है। यह हास्यास्पद है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान देश की जनता के लिए कांग्रेस पार्टी ने कुछ नहीं किया। कांग्रेस नेतृत्व ने महामारी की ऊंचाई के दौरान घर के अंदर रहना पसंद किया और जब मामले कम हो गए, तब वह बाहर आकर कोविड-19 महामारी को सफलतापूर्वक नियंत्रित करने के लिए उठाए गए सरकार के कदमों की निंदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश के लोगों के साथ खड़ी है। किसानों और अनाथ बच्चों को वित्तीय सहायता देने के अलावा देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुफ्त कोविड-19 वैक्सीन उपलब्ध कराई गई। लोगों को मुफ्त राशन प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि 2020 में सरकार ने 8 महीने तक लोगों को मुफ्त राशन दिया है और 2021 में भी ऐसी योजना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हीन भावना से ग्रस्त है और उनका नेतृत्व हर समय विफलताओं का सामना कर रहा है। इसके बावजूद वह भाजपा सरकार के कामकाज में खामियां तलाशने में अपना अधिकार समय बर्बाद कर रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार / राहुल / बलवान

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in