रोहतांग टनल पर सोनिया गांधी की शिलान्यास पट्टिका पुनर्स्थापित करने की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

रोहतांग टनल पर सोनिया गांधी की शिलान्यास पट्टिका पुनर्स्थापित करने की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
रोहतांग टनल पर सोनिया गांधी की शिलान्यास पट्टिका पुनर्स्थापित करने की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

शिमला, 06 नवम्बर (हि.स.)। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल टनल रोहतांग के शिलान्यास पट्टिका के गायब होने को लेकर राजनीति लगातार गर्मा रही है। इस मुद्दे को लेकर शुक्रवार को लाहौल-स्पीति के जिला मुख्यालय केलंग पर कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। शुक्रवार को कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से डीसी कार्यालय तक रैली निकालकर कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने लाहौल-स्पीति के उपायुक्त को एक ज्ञापन भी सौंपा। इस माैके पर राठौर ने रोहतांग टनल से सोनिया गांधी की शिलान्यास पट्टिका को हटाने की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि जब तक इस पट्टिका को उसी स्थान पर पुनर्स्थापित नहीं किया जाता, तब तक कांग्रेस प्रदेश में अपना धरना प्रदर्शन जारी रखेगी। राठौर ने कहा कि रोहतांग टनल के निर्माण में भाजपा का कोई भी योगदान नहीं रहा है। इस टनल का निर्माण कांग्रेस के ही प्रयासों से संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि 28 जून 2010 को यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने तत्कालीन केंद्रीय मंत्री वीरभद्र सिंह की उपस्थिति में इस टनल की आधारशिला रखी गई थी। भाजपा इसके निर्माण को लेकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। राठौर ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि उनके गलत फैसलों से आज देश की अर्थव्यवस्था चोपट हो गई है। देश में नोटबन्दी हो या जीएसटी, देश की विकास दर निम्न स्तर पर चली गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश की स्थिति पर कोई चर्चा नही करती। इससे पूर्व लाहुल स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि रोहतांग टनल पर भाजपा राजनीति कर रही है। कांग्रेस की यूपीए सरकार को ही इसके निर्माण का पूरा श्रेय जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने तो केवल इसका नामकरण किया है। कांग्रेस को इसके नामकरण पर कोई आपत्ति नही है, पर जिन्होंने इसकी आधारशिला रखी, उनका भी पूरा सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार को चेतवानी देते हुए कहा कि जब तक उनकी नेता सोनिया गांधी की पट्टिका को उसी स्थान पर पुनर्स्थापित नहीं किया जाता, तब तक जिला कांग्रेस कमेटी यहां हररोज डीसी कार्यालय के बाहर अपना प्रदर्शन जारी रखेगी। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल-hindusthansamachar.in

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in