धर्मशाला, 28 फरवरी (हि.स.)। हिमाचल कांग्रेस के महासचिव रघुवीर सिंह बाली को कांग्रेस हाईकमान ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में सचिव पद पर नियुक्ति दी है। सचिव के साथ उन्हें पश्चिम बंगाल के प्रभारी का भी कार्यभार सौंपा गया है। पूर्व मंत्री जीएस बाली के बेटे रघुवीर सिंह बाली की नियुक्ति के आदेश अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की तरफ से पार्टी के महासचिव वेणुगोपाल ने जारी किए हैं। वहीं रघुवीर बाली की नियुक्ति पर खासकर नगरोटा बगवां सहित कांगड़ा जिला में खुशी की लहर है। पूर्व कांग्रेस महासचिव हरीश कपूर, शैंकी कपूर, रूमा कौंडल व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की है। पूर्व कांग्रेस महासचिव हरीश कपूर ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने बहुत बड़ा विश्वास उन पर जताया है और रघुवीर सिंह बाली की नियुक्ति से पार्टी हर मोर्चे पर सशक्त बनेगी। हिमाचल प्रदेश में भी पार्टी को मजबूती मिलेगी। जिला कांगड़ा युवा कांग्रेस प्रवक्ता लवली कटोच ने कहा कि यह पार्टी ने उन्हें एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। छोटी उम्र में ऐसी जिम्मेदारी मिलना पूरे हिमाचल के लिए गर्व की बात है। इससे आने वाले विधानसभा के चुनाव में भी फर्क पड़ेगा। उन्होंने कहा कि रघुवीर बाली हिमाचल और हिमाचल कांग्रेस का आने वाला भविष्य हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील




