शिमला 15 मार्च (हि.स.)। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि शिक्षा विभाग में शिक्षकों और गैर-शिक्षकों के चार हजार पद शीघ्र भरे जाएंगे। इसके अलावा उच्च शिक्षा विभाग में शिक्षकों के पांच सौ पद अलग से भरे जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के पदों पर होने वाली नियुक्तियों में जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि ऐसे क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी को दूर किया जा सके। यह जानकारी उन्होंने सोमवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान विधायक हर्षवर्धन चौहान के एक सवाल के जवाब में दी। विधायक विनय कुमार के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरिपुरधार कालेज में खाली शिक्षकों और गैर-शिक्षकों के पदों को तय समय सीमा के भीतर भरना संभव नहीं है, लेकिन सरकार और विभाग इन पदों को जल्द भरने का प्रयास करेगा। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील




