Himachal Pradesh में तीन दिन बर्फबारी के आसार, येलो अलर्ट जारी

राज्य के मध्यवर्ती और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 19, 20 और 21 फरवरी को बारिश एवं बर्फबारी होने के आसार हैं।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की सांकेतिक तस्वीर
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की सांकेतिक तस्वीर

शिमला, एजेंसी। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चल रहे शुष्क मौसम से तापमान में वृद्धि होने से सर्दी का प्रकोप कम हुआ है और मैदानी भागों में हल्की गर्मी महसूस की जा ही है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले तीन दिन बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आएगा और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का नजारा देखने को मिल सकता है।

राज्य के मध्यवर्ती और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 19, 20 और 21 फरवरी को बारिश एवं बर्फबारी होने के आसार हैं। इन इलाकों में 20 व 21 फरवरी को आसमानी बिजली गिरने व अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 22 फरवरी को मौसम के साफ रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में ही लोगों को खराब मौसम का सामना करना पड़ेगा, जबकि मैदानों में मौसम के शुष्क बना रहेगा। इस बीच बारिश-बर्फबारी न होने से विभिन्न शहरों के तापमान में खासा उछाल आया है।

राजधानी शिमला में शनिवार को न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जो मैदानी क्षेत्रों से भी अधिक है। सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 6.7, भुंतर में 6.9, कल्पा में 8.4, ऊना में 7.8, नाहन में 11.1, केलांग में -2.8, पालमपुर में 10, सोलन में 6.8, मनाली में 5.8, कांगड़ा में 10.4, मंडी में 8.9, बिलासपुर में 9.5, हमीरपुर में 8.7, चम्बा में 8.8, कुफरी में 12.9, जुब्बड़हट्टी में 13, नारकंडा में 9 और पांवटा साहिब में 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in