शिमला, 01 जून (हि.स.)। हिमाचल बार काउंसिल के अध्यक्ष रमाकांत शर्मा का कोरोना से निधन हो गया। वह 56 वर्ष के थे। पिछले दिनों वह कोरोना से संक्रमित हुए थे। मंगलवार को आईजीएमसी अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वह तीन बार प्रदेश बार काउंसिल के अध्यक्ष रहे हैं। उनके निधन से अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। रमाकांत अपने पीछे पत्नी व एक बेटी को छोड़ गए हैं। रमाकांत शर्मा की पत्नी भी अधिवक्ता है। रमाकांत शर्मा मूल रूप से सोलन जिला के नालागढ़ के निवासी थे। उन्होंने हिमाचल विश्विद्यालय से कानून की पढ़ाई की। अधिवक्ता समुदाय में काफी लोकप्रिय रहे रमाकांत शर्मा वकीलों के एक निडर नेता थे। हिमाचल बार काउंसिल के उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर ने रमाकांत शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह अधिवक्ताओं के लिए संघर्ष करने वाले व्यक्ति थे और उनकी गिनती प्रदेश के वरिष्ठ अधिवक्ताओं में होती थी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल




