शिमला, 14 मई (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश में वेक्सिनेशन की ढीली रफ्तार पर चिंता प्रकट करते हुए कहा है कि प्रदेश सभी लोगों का टीकाकरण जल्द पूरा किया जाना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने दूरदराज व दुर्गम क्षेत्रों में कोरोना के फैलाव पर भी चिंता प्रकट करते हुए शुक्रवार को कहा कि इन क्षेत्रों में टीकाकरण के विशेष केम्प लगाये जाने चाहिए, जिससे लोगों की समय पर रक्षा की जा सकें। राठौर ने प्रदेश में लॉक डाउन के चलते सभी प्रभावित लोगों को राहत देने और उनकी आर्थिक मदद देने की गुहार भी सरकार से लगाई है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस समय अपने सभी टैक्सों की वसूली स्थगित करते हुए बैकों से किसी भी प्रकार के लोन की ईएमआई को फिलहाल स्थगित रखने का आदेश देना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा की राज्य में कोरोना की इस दूसरी लहर ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है। कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा दिन प्रति दिन बढ़ता जा रहा है। सरकार प्रभावित परिवारों की कोई भी मदद नही कर रही। देव भूमि में लोग अपने मृत परिजनों को कही कूड़े के ट्रेक्टर में तो कही अपने कंधों पर अंतिम संस्कार के लिए ढोने पर मजबूर ही गये है। सरकार व प्रशासन पूरी तरह संवेदनहीन हो गया है। उन्होंने देश में कोविड़ वेक्सिन की कमी और तेजी से बढ़ते इसके संक्रमण पर चिंता प्रकट करते हुए कहा है कि सरकार ने आज देश में गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। देश को आत्मनिर्भर का स्वप्न दिखाने वाले प्रधानमंत्री को वेक्सीन से लेकर ऑक्सीजन व स्वास्थ्य उपकरण विदेशों से मंगवाने पड़ रहे है। देश आज चारों तरफ से गंभीर चुनोतियों से गुज़र रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील




