congress-started-public-anger-week-from-narkanda-targeted-the-government
congress-started-public-anger-week-from-narkanda-targeted-the-government

कांग्रेस ने नारकंडा से किया जनाक्रोश सप्ताह का आगाज़, सरकार पर निशाना

शिमला, 26 जून (हि.स.)। कांग्रेस ने भाजपा की किसान, बागवान के साथ जनविरोधी नीतियों व कार्यक्रमों के विरोध में पहले चरण में जनाक्रोश सप्ताह का शनिवार को शिमला जिला के नारकंडा से आगाज़ किया। इसके बाद इसे सभी जिलों व ब्लाकों में आयोजित किया जाएगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रेदश मामलों के सचिव प्रभारी की उपस्थिति में नारकंडा में कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने जनाक्रोश सप्ताह का शुभारंभ किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने नारकंडा में हिमाचल में सेब के जनक स्व.सत्य नन्द स्टॉक्स की प्रतिमा के आगे बैठ कर धरना दिया। इस दौरान संजय दत्त ने केंद्र व प्रदेश भाजपा सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि पिछले छह महीनों से देश का किसान तीन काले कानूनों के विरोध में सड़कों पर बैठा है। उन्होंने कहा कि न तो उनकी कोई बात सुनी जा रही है और न ही उनसे कोई बात की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश व किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की बाते करते नही थकते आज यही देश अपनी बदहाली पर खड़ा है। देश मे बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी ने आम लोगों का जीना दूभर होता जा रहा है। देश की विकास दर निम्न स्तर से भी नीचे चली गई है। दत्त ने कहा कि कांग्रेस किसानों व बागवानों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलवाने से पीछे नही हटेगी। उन्होंने कहा कि देश मे कांग्रेस सरकार बनते ही भाजपा के सभी काले कानूनों व जनविरोधी नीतियों से मुक्ति दिलायेगी। राज्य कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि भाजपा का किसान व बागवान विरोधी चरित्र सबके सामने है। उन्होंने कहा कि जब जब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तब तब बागवानों पर डंडे व गोलियां बरसाई गई। उन्होंने कहा कि आज भी भाजपा बागवान विरोधी विशेष कर सेब विरोधी रही है। भाजपा ने हमेशा ही क्षेत्र बाद की राजनीति करती रही है और हमेशा ही प्रदेश को बांटने का प्रयास किया है। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in