bragta-always-tried-and-struggled-for-the-problems-of-the-gardeners-dhumal
bragta-always-tried-and-struggled-for-the-problems-of-the-gardeners-dhumal

बागवानों की समस्या के लिए हमेशा प्रयत्नशील और संघर्षशील रहे बरागटा : धूमल

हमीरपुर, 05 जून (हि. स.)। प्रदेश में बागवानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए हमेशा प्रयत्नशील और संघर्षशील रहे नरेंद्र बरागटा के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने यह बात कही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने एक सच्चा मित्र और एक विश्वसनीय सहयोगी व प्रदेश ने बागवानों और बागवानी का एक सच्चा हितैषी खो दिया है। नरेंद्र बरागटा के बारे में बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सरकार में दो बार उनके साथ सहयोगी रहे और दोनों बार वह बागवानी मंत्री रहे। बग़ीचों को सड़कों के साथ जोड़ना ताकि उत्पादन मंडियों तक पहुंच सके, इसके लिए नरेंद्र बरागटा विशेष रूचि रखते थे। बागवानों की समस्याओं को दूर करने के लिए प्रयत्न करते रहना उनकी विशेषता थी। बागवानों के लिए बड़ी-बड़ी मंडियां बनाने में उन्होंने सरकार में सहयोग किया था। खड़ा पत्थर, पराला, सोलन और ढली जैसी बड़ी मंडिया, जहां आज सेब का बहुत व्यापार हो रहा है, उनके निर्माण में नरेंद्र बरागटा का बहुत सहयोग रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने भगवान से प्रार्थना की उनके परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की ताकत प्रदान करें व दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान देकर शांति प्रदान करें। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/उज्जवल

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in