नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पानीपत में सुशासन दिवस के अवसर पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कार्यक्रम में शिरकत करते हुए भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जहां शिक्षा मंत्री ने हरियाणा सरकार की नीतियों, ई-गवर्नेंस और सुशासन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस मौके पर महिपाल ढांडा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने अब 200 से अधिक सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। सरकार का मुख्य उद्देश्य यही है कि लोगों को अपने छोटे-बड़े कामों के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। इसी सोच के तहत पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की दूरदर्शी पहल से प्रदेशभर में अटल सेवा केंद्रों की स्थापना की गई, जहां लोग अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं और उनका समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज सरकार घर बैठे ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे मानवीय हस्तक्षेप कम हो और व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता बनी रहे। यही सुशासन का वास्तविक स्वरूप है। उन्होंने बताया कि हरियाणा की जनता से सरकार ने जो संकल्प किए थे, उन्हें मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में लगातार पूरा किया जा रहा है और 31 मार्च तक लगभग 60 प्रतिशत संकल्प पूरे कर लिए जाएंगे।
महिपाल ढांडा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे एक अच्छे शिक्षक बनने के लिए प्रशिक्षण जरूरी होता है, वैसे ही हर क्षेत्र में निरंतर सीखने और खुद को बेहतर बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी को अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच से प्रेरणा लेने का आह्वान किया और कहा कि वाजपेयी जी ने देश को मजबूत बनाने के लिए कभी दबाव या प्रतिबंधों की परवाह नहीं की और न ही परिस्थितियों के आगे घुटने टेके।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में काम करते समय ईमानदारी, साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति बेहद जरूरी है। सरकार का लक्ष्य है कि हर योजना में पारदर्शिता और सुशासन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को यह मंत्र देते हुए कहा कि हमेशा याद रखें। सुशासन तुमसे शुरू होता है और तुम पर ही खत्म होता है।





